देशभर में क्रिसमस की धूम, प्रधानमंत्री मोदी समेत सभी नेताओं ने दी देशवासियों को बधाई

देश नई दिल्ली राष्ट्रीय

नई दिल्ली। दुनियाभर में आज क्रिसमस डे मनाया जा रहा है। उल्लास और उमंग से भर देने वाले इस उत्सव को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी हैं। प्रधान मंत्री मोदी ने सभी के स्वस्थ रहने के साथ ही समृद्धि की कामना की है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं! मेरी कामना है कि त्योहारों का यह मौसम सभी के लिए खुशी, शांति और समृद्धि लेकर आए।” उन्होंने कहा, “आइए सद्भाव और करुणा की भावना का जश्न मनाएं जो क्रिसमस का प्रतीक है और एक ऐसी दुनिया की दिशा में काम करें जहां हर कोई खुश और स्वस्थ हो। हम प्रभु मसीह की महान शिक्षाओं को भी याद करते हैं।” वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी देशवासियों को क्रिसमस की बधाई दी। उन्होंने कहा क्रिसमस की बधाई! आपका दिल प्यार से, आपके घर खुशियों से और आपका जीवन शांति से भर जाए। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने त्योहार मनाने वाले सभी लोगों को क्रिसमस की बधाई दी

महाराष्ट्र के राज्यपाल ने लोगों को क्रिसमस की बधाई दी
महाराष्ट्र के राज्यपाल और राज्य विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति रमेश बैस ने सोमवार को महाराष्ट्र के लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने एक संदेश में कहा, “क्रिसमस का त्योहार हमें ईसा मसीह के महान जीवन और शिक्षाओं की याद दिलाता है। प्रभु यीशु का जन्मदिन राष्ट्रों के बीच शांति का माहौल पैदा करे और लोगों के बीच मित्रभाव और सद्भावना को बढ़ावा दे।” बैस ने कहा, “मैं लोगों को क्रिसमस और नए साल की शुभकामनाएं देता हूं।”

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी ने सोमवार को राज्य के लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कहा कि क्रिसमस यीशु मसीह को याद करने का समय है और दुनिया के सभी लोगों के बीच शांति, प्रेम, सहिष्णुता और करुणा जैसी उनकी शिक्षाओं को संजोने का अवसर है। राजभवन से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में नजीर ने कहा, ‘‘क्रिसमस के शुभ अवसर पर मैं आंध्र प्रदेश के सभी ईसाई भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।’’ मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यीशु मसीह का जीवन सभी के लिए अनुकरणीय है और उनकी शिक्षाएं मानवता को सही राह पर ले जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *