मणिपुर के थौबल में 3 लोगों की गोली मारकर हत्या, 5 जिलों में फिर कर्फ्यू लगाया गया

देश मणिपुर राष्ट्रीय

मणिपुर| मणिपुर के थौबल में नए साल के पहले ही दिन सोमवार शाम को 3 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पांच अन्य लोग गोली लगने से घायल हुए हैं। इसके बाद वहां घाटी के पांच जिलों में फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया है। मारे गए लोग पंगाल (मुस्लिम) बताए गए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मारे गए लोगों की संख्या 4 बताई गई है। ताजा हिंसा के बाद थौबल, इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया है। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि लोगों का एक समूह जबरन वसूली के लिए स्वचालित हथियारों के साथ आया था।

इनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। इन्होंने लिलोंग चिंगजाओ क्षेत्र में नागरिकों पर गोलियां चलाईं। इसमें तीन लोग मौके पर ही मारे गए। 5 घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने तीन कारों को आग के हवाले कर दिया। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि ये कारें किसकी थीं। CM एन बीरेन सिंह ने एक वीडियो संदेश में हिंसा की निंदा की और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सभी मंत्रियों और सत्ता पक्ष के विधायकों की आपात बैठक भी बुलाई है। मणिपुर 2023 में काफी सुर्खियों में रहा। यहां जातीय संघर्ष में 180 से अधिक लोगों की मौतें हुईं। करीब 60 हजार लोग बेघर हो गए।

रविवार को हुई थी क्रॉस फायरिंग
मणिपुर के मोरेह में रविवार को उस समय तनाव फैल गया था जब विद्रोहियों और सुरक्षा बलों की क्रॉस फायरिंग में कुछ नागरिक घायल हो गए थे। घायलों का इलाज सुरक्षा बल के जवानों ने किया। रविवार को ही मैतेई और कुकी क्षेत्रों से कौट्रुक और कदंगबल क्षेत्रों में भी क्रॉस फायरिंग की खबरें सामने आई थीं।

शनिवार रात विद्रोहियों ने कमांडो कॉम्प्लेक्स पर हमला किया
शनिवार (30 दिसंबर) रात करीब 11.30 बजे कुकी विद्रोहियों ने कमांडो कॉम्प्लेक्स पर हमला किया था जिसमें चार जवान घायल हो गए। विद्रोहियों ने RPG (रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड) का इस्तेमाल भी किया। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी फायरिंग की। इसमें मोरेह पुलिस कॉम्प्लेक्स के फर्नीचर, दरवाजे और कुछ सामान को नुकसान पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *