पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी : भारत ने मालदीव के उच्चायोग को किया तलब

देश नई दिल्ली राष्ट्रीय

नई दिल्ली| भारत ने मालदीव के उच्चायोग को किया तलब, पीएम मोदी पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद लिया एक्शन
नई दिल्ली। भारत में मालदीव के राजदूत को सोमवार को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया और मालदीव के कई मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई टिप्पणियों पर कड़ी चिंता व्यक्त की गई। सूत्रों ने यह जानकारी दी। मालदीव सरकार ने मोदी के खिलाफ अपमानजनक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर रविवार को तीन उप मंत्रियों को निलंबित कर दिया। तीनों उप मंत्रियों ने लक्षद्वीप की यात्रा के बाद ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री के पोस्ट के लिए उनकी आलोचना की थी और कहा था कि यह केंद्र शासित प्रदेश को मालदीव के वैकल्पिक पर्यटन स्थल के रूप में पेश करने का एक प्रयास है। मालदीव की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, युवा मंत्रालय में उप मंत्रियों – मालशा शरीफ, मरियम शिउना और अब्दुल्ला महज़ूम माजिद को उनके पदों से निलंबित कर दिया गया है। नई दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि माले में भारतीय उच्चायोग ने रविवार को मालदीव के विदेश मंत्रालय के समक्ष इस मामले को जोरदार तरीके से उठाया। मंत्रियों की अपमानजनक टिप्पणियों की भारत में आलोचना हुई है।

कई मशहूर हस्तियों ने ‘एक्स’ पर लोगों से मालदीव जाने के बजाय घरेलू पर्यटन स्थलों पर जाने का आग्रह किया है। सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट भी किए गए जिनमें दावा किया गया कि विवाद के मद्देनजर कुछ भारतीय मालदीव की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर रहे हैं। मालदीव के विदेश मंत्रालय ने कहा कि सरकार विदेशी नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया मंचों पर ‘‘अपमानजनक टिप्पणियों’’ से अवगत है और इन नेताओं के व्यक्तिगत विचार देश की स्थिति का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं।मालदीव के विदेश मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में कहा, ‘‘मालदीव सरकार विदेशी नेताओं और उच्च पदस्थ व्यक्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया मंचों पर अपमानजनक टिप्पणियों से अवगत है। यह राय (नेताओं की) व्यक्तिगत हैं और मालदीव सरकार उनके विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करती है।

ईज़ीमाईट्रिप ने सभी फ्लाइट्स बुकिंग की सस्पेंड

नई दिल्ली। पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मालदीव पर भारत का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। अब मालदीव के खिलाफ ऑनलाइन बॉयकॉट अभियान की शुरुआत हो चुकी है। बता दें ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी ईज़ीमाईट्रिप ने मालदीव के लिए सभी फ्लाइट्स बुकिंग को सस्पेंड कर दिया है। पीएम मोदी के लक्षद्वीप दौरे के बाद ही मालदीव के नेताओं की तरफ से भारत को लेकर जहरीली बयानबाजी की गई थी। भारतीय ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी ईज़ीमाईट्रिप के को-फाउंडर और सीईओ निशांत पिट्टी ने भारत के समर्थन में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फ्लाइट्स बुकिंग सस्पेंड करने का ऐलान किया है। उन्होंने लिखा, ‘अपने देश के साथ एकजुटता दिखाते हुए ईज़ीमाईट्रिप ने मालदीव के लिए सभी फ्लाइट्स बुकिंग को सस्पेंड कर दिया है।’ बता दें ईज़ीमाईट्रिप ने लक्षद्वीप घूमने जाने के लिए भी ऑनलाइन अभियान की शुरुआत कर दी है।

अमिताभ बच्चन ने की लक्षद्वीप और अंडमान की तारीफ, कहा- हैं “अद्भुत रूप से सुंदर स्थान”

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लक्षद्वीप दौरे के बाद मालदीव के मंत्रियों की अपमानजनक टिप्पणियों पर विवाद के बीच अमिताभ बच्चन ने भारत की आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए सोमवार को कहा कि लक्षद्वीप और अंडमान “अद्भुत रूप से सुंदर स्थान” हैं। अभिनेता अक्षय कुमार, सलमान खान, श्रद्धा कपूर और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, वेंकटेश प्रसाद तथा वीरेंद्र सहवाग द्वारा लोगों से मालदीव की जगह घरेलू द्वीपों की यात्रा करने की अपील किए जाने के बाद 81 वर्षीय बच्चन की भी टिप्पणी आई है। बच्चन ने सहवाग द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट का हवाला दिया जिसमें पूर्व क्रिकेटर ने “मालदीव के मंत्रियों द्वारा हमारे देश और हमारे प्रधानमंत्री पर कटाक्ष किए जाने” को भारत के लिए पर्यटकों को आकर्षित करने और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा बनाने का एक अवसर बताया। बच्चन ने अपने पोस्ट में कहा कि सहवाग की टिप्पणियां प्रासंगिक हैं और ‘‘हमारी भूमि की सही भावना को दर्शाती हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे अपने (स्थल) सबसे अच्छे हैं.. मैं लक्षद्वीप और अंडमान गया हूं और वे अद्भुत रूप से सुंदर स्थान हैं.. अद्भुत जल, समुद्र तट और पानी के नीचे का अनुभव बिलकुल अविश्वसनीय है।’’ बच्चन ने लिखा, “हम भारत हैं, हम आत्म-निर्भर हैं, हमारी आत्म-निर्भरता पर आंच मत डालिए। जय हिंद।” मालदीव सरकार ने रविवार को अपने तीन उप-मंत्रियों को निलंबित कर दिया, क्योंकि उन्होंने मोदी की लक्षद्वीप यात्रा के बाद ‘एक्स’ पर उनके पोस्ट को लेकर उनकी आलोचना की थी। इन मंत्रियों ने यह अनुमान लगाते हुए मोदी की आलोचना की थी कि उनका लक्षद्वीप दौरा भारत के इस केंद्रशासित प्रदेश को मालदीव के वैकल्पिक पर्यटन स्थल के रूप में पेश करने का प्रयास है।हालांकि, हास्य-अभिनेता वीर दास ने इस विवाद पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की। दास ने लिखा, ‘‘सबसे पहले, इस बात से खुश हूं कि लक्षद्वीप को कुछ प्यार मिल रहा है।’’ निर्माता एकता कपूर ने कहा कि वह ‘एक्स’ पर यह कहने के लिए लौटी हैं कि वह अपने बेटे को मजेदार ढंग से छुट्टियां बिताने के लिए लक्षद्वीप ले जाएंगी। कपूर ने मालदीव से बेहतर भारतीय द्वीप को बताने के एक स्पष्ट संदर्भ में कहा, “अब कोई ‘मॉल’ नहीं। अब समय है द्वीप की खूबसूरती में गोता लगाने का।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *