दिल्ली में अंगीठी के धुए से दम घुटने से 6 लोगों की मौत

देश नई दिल्ली राष्ट्रीय

नई दिल्ली। इन दिनों पूरा उत्तर भारत ठंड का सितम झेल रहा है। वहीं राजधानी दिल्ली में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। हाड़ कपा देने वाली ठंड से बचने के लिए लोग कई तरह के उपाय कर रहे हैं, लेकिन अब तक कई ऐसे मामले आ चुके हैं, जिसमें ठंड से बचने के लिए किए जाने वाले उपाय ही जानलेवा बन जाते हैं। अब ताजा मामला राजधानी दिल्ली से सामने आया है, जहां ठंड से बचने के लिए जलाई गई अंगीठी ने 6 लोगों की जान ले ली। दरअसल, आउटर नॉर्थ दिल्ली के खेड़ा इलाके में रविवार 14 जनवरी रविवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की लाश मिली। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया लोगों की मौत के पीछे दम घुटना मालूम होता है। दरअसल, कमरा चारों ओर से बंद था और अंगीठी जली हुई थी।

बता दें मृत लोगों में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। बच्चों की उम्र 7 साल और 8 साल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ठंड से बचने के लिए परिवार ने अंगीठी जला रखी थी। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं दूसरा मामला पश्चिमी दिल्ली से सामने आया है। पश्चिमी दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके में एक घर से दो लोग बेहोशी के हालत में मिले। दोनों को आनन-फानन में अस्पताल में ले जाया गया। बता दें दोनों व्यक्ति नेपाली मूल के रहने वाले हैं। मृतकों की उम्र 50 वर्ष और 28 वर्ष बताई जा रही है। यहां भी कमरे में ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाी गई थी। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि अंगीठी की धुंआ कमरे में भरता गया, जिसके बाद दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *