कूनो में चीते शौर्य की मौत, अब तक 7 चीतों और 3 शावकों की मौत

प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश श्योपुर

श्योपुर। अभी हाल ही में तीन चीता शावकों के जन्म से कूनो नेशनल पार्क में खुशी का माहौल बना हुआ था। इसी बीच पार्क से मंगलवार को नर चीता शौर्य के दम तोड़ने की बुरी खबर आई। मानीटरिंग टीम को सुबह 11 बजे वह अचेत अवस्था में मिला था। टीम ने सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) दिया, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। दोपहर 3.17 बजे उसने दम तोड़ दिया। अब पोस्टमार्टम के बाद ही शौर्य की मौत के कारण का पता चल सकेगा। हालांकि, ठंड से मौत की आशंका जताई जा रही है। कूनो लाए गए 20 चीतों में से अब तक सात चीतों की मौत हो चुकी है। उधर, यहां दो मादा चीतों से जन्मे सात शावकों में तीन की भी मौत हो चुकी है। मरने वाले चीतों में ‘शौर्य’ 10वें नंबर का चीता है। नामीबिया से शौर्य सगे भाई गौरव के साथ आया था। दोनों हमेशा साथ रहते थे और साथ में ही शिकार करते थे। कुछ समय पहने दोनों की अग्नि और वायु चीतों से भिड़ंत हुई थी। शौर्य की मौत के बाद गौरव अब अकेला रह गया है।

बता दें कि कूनो नेशनल पार्क में 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से आठ चीते लाए गए थे, जिसमें शौर्य भी शामिल था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चीता प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया था। इसी के साथ देश में एक लंबे विराम के बाद चीता युग की शुरुआत हुई। बाद में दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीते लाए गए। कूनो में लगातार हुई चीतों की मौत के बाद सभी चीतों को बाड़े में बंद कर दिया गया था, तब से शौर्य भी बाड़े में ही बंद था। एपीसीसीएफ एवं निदेशक लायन प्रोजेक्ट ने प्रेस नोट जारी कर शौर्य की मौत की पुष्टि की है।

  • 26 मार्च 2023 को नामीबिया से लाई गई मादा चीता साशा की मौत हो गई थी। बताया गया कि साशा की किडनी इंफेक्शन के चलते मौत हुई।
  • 23 अप्रैल 2023 को दक्षिण अफ्रीका से लाए गए नर चीता उदय की मौत हो गई थी। कारण कार्डियक आर्टरी फेल होना बताया गया।
  • नौ मई 2023 को मादा चीता दक्षा की मेटिंग के दौरान मौत हो गई थी।
  • 23 मई 2023 को मादा चीता ज्वाला के एक शावक की मौत हो गई थी। कारण तेज गर्मी में डिहाइड्रेशन और कमजोरी बताए गए।
  • 25 मई 2023 को मादा चीता ज्वाला के दो और शावकों की मौत हो गई थी। इनकी मौत भी तेज गर्मी और लू के कारण हुई।
  • 11 जुलाई 2023 को आपसी संघर्ष में नर चीता तेजस की मौत हो गई थी।
  • 14 जुलाई 2023 को आपसी संघर्ष में नर चीता सूरज की मौत हो गई थी।
  • दो अगस्त 2023 को इंफेक्शन से मादा चीता धात्री की मौत हो गई थी।
  • 16 जनवरी 2024 को शौर्य नर चीता की मौत हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *