मध्यप्रदेश में अफसरों के तबादले : राजेश राजौरा से हटाकर गृह अब संजय दुबे को, रौशन सिंह संचालक जनसंपर्क बने

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| मध्यप्रदेश शासन ने सोमवार शाम को 12 IAS अफसरों के तबादले किए है। एसीएस राजेश राजौरा को गृह विभाग से हटाकर नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण भेजा है। उनका 3 साल बाद तबादला हुआ है। संजय दुबे को गृह विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग से जारी आदेश में उज्जैन नगर निगम आयुक्त के पद से हटाए गए रौशन कुमार सिंह को अब शासन ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें संचालक, जनसंपर्क बनाया गया है।

प्रमुख सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा को 3 साल बाद नई जिम्मेदारी

प्रमुख सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा को 3 साल बाद शासन ने नई जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें उपाध्यक्ष नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण और एसीएस नर्मदा घाटी विकास बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें एसीएस जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। उनकी जगह ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव संजय दुबे को गृह विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। दुबे के पास ऊर्जा विभाग के साथ नवकरणीय ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी अतिरिक्त प्रभार के रूप में बनी रहेगी। इसके माध्यम से सरकार ने दुबे का कद बढ़ाया है।

मनीष सिंह को वित्त और अमित राठौर को कमर्शियल टैक्स की जिम्मेदारी

जल संसाधन विभाग में प्रमुख सचिव का काम देख रहे मनीष सिंह को राज्य शासन ने वित्त विभाग का जिम्मा सौंपा है। उधर पंजीयन और मुद्रांक विभाग में आईजी के पद का निर्वहन कर चुके अमित राठौर को शासन ने अब कमर्शियल टैक्स विभाग का प्रमुख सचिव बनाया है। दूसरी ओर प्रमुख सचिव कमर्शियल टैक्स विभाग दीपाली रस्तोगी से यह जिम्मेदारी वापस लेते हुए उन्हें सहकारिता विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। रस्तोगी के पास अब महिला और बाल विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार रहेगा।

रौशन कुमार को पहले स्मार्ट सिटी का सीईओ, अब संचालक जनसंपर्क बनाया

स्मार्ट सिटी भोपाल के सीईओ रौशन कुमार सिंह को संचालक जनसंपर्क का प्रभार सौंपा गया है। रौशन कुमार को इसी महीने शासन ने उज्जैन नगर निगम आयुक्त के पद से हटाकर स्मार्ट सिटी भोपाल का सीईओ बनाया था। इसके पहले सोमवार को ही जारी एक अन्य आदेश में गृह विभाग ने आईपीएस अफसर और संचालक जनसंपर्क आशुतोष प्रताप सिंह को डीआईजी पीएचक्यू पदस्थ किया है। उनके स्थान पर अब रौशन कुमार सिंह संचालक जनसंपर्क का काम देखेंगे।

पिथोड़े को संचालक खाद्य, यादव प्रबंध संचालक नागरिक आपूर्ति निगम बने

राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक तरुण कुमार की पिथोड़े को अब संचालक खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग बनाया गया है। वहीं सहकारिता विभाग के उप सचिव का काम देख रहे प्रताप नारायण यादव को प्रबंध संचालक राज्य नागरिक आपूर्ति निगम पदस्थ किया गया है। गुंचा सनोवर को अपर आयुक्त भू अभिलेख और शीला दाहिमा को उपसचिव सहकारिता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *