मध्यप्रदेश : ‘चिढ़ा’ पाकिस्तान, मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले- अखंड भारत सच्चाई है

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि पंजाब सिंध, गुजरात, मराठा का जिक्र आज भी हमारे राष्ट्रगान में है। हम सिंध को अलग कैसे छोड़ सकते हैं? हमारा सांस्कृतिक अखंड भारत का सपना हजारों साल से है। किसी के आपत्ति करने से बात समाप्त नहीं हो जाएगी, वह अपनी जगह स्थाई रहेगी। पाकिस्तान सरकार की आपत्ति के बाद एमपी के सीएम डा. मोहन यादव ने भी पलटवार किया है। मोहन यादव ने कहा है कि पड़ोसी मुल्क लाख आपत्ति जताए, लेकिन हम सब जानते हैं कि भारत पहले अखंड ही था, ननकाना साहिब समेत कई स्थल हमारे अतीत में अखंड भारत के हिस्से रहे हैं।

क्यों बौखलाया हुआ है पाकिस्तान

पाकिस्तान सरकार के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर रामलला प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की निंदा की है। पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि सदियों पुरानी मस्जिद को 6 दिसंबर 1992 को भीड़ ने ध्वस्त कर दिया था। अफसोस की बात यह है कि भारत की सर्वोच्च न्यायपालिका ने न केवल इस घृणित कृत्य के लिए जिम्मेदार अपराधियों को बरी कर दिया, बल्कि ध्वस्त मस्जिद के स्थान पर एक मंदिर बनाने की अनुमति दे दी। पाकिस्तान सरकार ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के एक बयान का भी खासतौर पर उल्लेख किया है। पाकिस्तान सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि ध्वस्त मस्जिद की जगह पर मंदिर आने वाले वक्त में भारत के लोकतंत्र के माथे पर कलंक बना रहेगा। विशेष रूप से, वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद और मथुरा में शाही ईदगाह मस्जिद समेत मस्जिदों की सूची बढ़ती जा रही है, जो अपवित्रता और विनाश के समान खतरे का सामना कर रही हैं।

पाकिस्तान ने कहा है कि भारत में हिन्दुत्व विचारधारा का बढ़ता ज्वार धार्मिक सद्भाव और क्षेत्रीय शांति के लिए गंभीर खतरा है। भारत के दो प्रमुख राज्यों उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने बाबरी मस्जिद के विध्वंस या राम मंदिर के उद्घाटन को पाकिस्तान के कुछ हिस्सों को पुनः प्राप्त करने की दिशा में पहला कदम बताया है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भारत में बढ़ते इस्लामोफोबिया, घृणा भाषण और घृणा अपराधों पर संज्ञान लेना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र और अन्य प्रासंगिक अंतरराष्ट्रीय संगठनों को भारत में इस्लाम विरासत स्थलों को चरमपंथी समूहों से बचाने और भारत में अल्पसंख्यकों के धार्मिक और सांस्कृतिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। पाकिस्तान भारत सरकार से मुसलमानों समेत धार्मिक अल्पसंख्यकों और उनके पवित्र स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह करता है।

भाजपा ने की पाकिस्तान के बयान की आलोचना

इधर, भारतीय जनता पार्टी ने पाकिस्तान के बयान की आलोचना की है। भाजपा नेता सुरेंद्र शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि जिस तरह पूर्वी और पश्चिमी जर्मनी के युवाओं ने वहां की दीवार को तोड़कर, जर्मनी का एकीकरण किया एक दिन वह भी आयेगा, जब भारत अखंड होगा। मुख्यमंत्री मोहन यादवजी के कंठ से सरस्वती प्रकट हुई है, जो अवश्य फलीभूत होगी, जिसकी शुरुआत पाक अधिकृत कश्मीर को वापस लेने से होगी।

क्या कहा था मोहन यादव ने

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा था कि देश विभाजन से राष्ट्र खंडित हो गया था। फिर से अखंड भारत की दिशा में कार्य हो सकता है। ईश्वर ने चाहा तो देश में फिर पंजाब-सिंध और अफगानिस्तान भी शामिल होंगे। ननकाना साहिब हमारे यहां होगा। हनुमान चालीसा से भक्ति और शक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। मोहन यादव ने कहा था कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में रामराज की स्थापना के लिए कार्य हो रहा है। हम सभी के लिए भगवान श्रीराम आराध्य हैं। अयोध्या में मंदिर का बनना अखंड भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *