नितिन गडकरी बोले- वाकई बदल गई मध्य प्रदेश की तस्वीर, 15 परियोजनाओं का शिलान्यास किया

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रदेश में सड़कों के निर्माण से बदली स्थिति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पहले नागपुर से आते समय मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते थे तो हमें इसका पता सड़कों की खराब स्थिति से चल जाता था। आज यहां गुणवत्तायुक्त सड़कों का जाल बिछा हुआ है। तस्वीर वाकई बदल गई है। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक की 15 परियोजनाओं का शिलान्यास करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि वर्ष 2024 पूरा होने तक प्रदेश में तीन लाख करोड़ रुपये की कुछ सड़क परियोजनाएं प्रारंभ होंगी तो कुछ पूरी हो जाएंगी। इसके बाद मध्य प्रदेश में सड़क नेटवर्क अमेरिका के बराबर होगा। अच्छी सड़कें बनेंगी तो निवेश आएगा। व्यापार बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर बनेंगे। ये राजमार्ग परियोजनाएं मध्य प्रदेश को इंडस्ट्रियल और एग्रीकल्चर हब बनाएंगी।

मुंबई- दिल्ली एक्सप्रेस वे
इसके पहले उन्होंने जबलपुर में 2,367 करोड़ रुपये की लागत से 226 किमी की नौ सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया था। गडकरी ने बताया कि मध्य प्रदेश में 50 हजार करोड़ रुपये की लागत से एक्सप्रेस हाईवे बन रहे हैं। मुंबई- दिल्ली एक्सप्रेस वे से लोगों का सफर 12 घंटे में पूरा हो जाएगा। मध्य प्रदेश में इसकी लंबाई 245 किमी है। इसे दिसंबर तक पूरा करेंगे। इसी तरह 18 हजार करोड़ रुपये की लागत से इंदौर-हैदराबाद एक्सप्रेस वे बनाया जा रहा है। यह इंदौर, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर से होते हुए जाएगा। इंदौर से खंडवा हाईवे वर्ष 2025 तक बनेगा। 2700 करोड़ रुपये की लागत से उज्जैन से गरोठ हाईवे बनेगा। इसके माध्यम से कोटा केवल ढाई घंटे में पहुंचा जा सकेगा। इसी तरह उन्होंने भोपाल से कानपुर, भोपाल से सागर, सागर से कानपुर सहित अन्य परियोजनाओं की जानकारी दी।

केबल कार, रोप-वे जैसे साधनों के प्रयोग
मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सड़क निर्माण के नए कार्यों के साथ ही आवागमन के हवाई साधनों और केबल कार, रोप-वे जैसे साधनों के प्रयोग में भी आगे बढ़ रहा है। स्वतंत्रता के बाद के 65 वर्ष में पांच हजार किमी के मार्ग तैयार हुए थे, लेकिन गत दस वर्ष में ही पांच हजार किमी के नए मार्ग बने हैं। भारत की पेट्रोल-डीजल के लिए विदेश पर जो निर्भरता है, उसे कम करने के लिए वैकल्पिक साधनों को बढ़ावा देना होगा। मध्य प्रदेश इस प्रयास में कदम से कदम मिलाकर चलेगा। कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वर्चुअली संबोधित किया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि नई परियोजनाओं से आर्थिक और औद्योगिक विकास में तेजी आएगी। मध्य प्रदेश में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और समयसीमा के भीतर काम पूरे होंगे।

पीथमपुर मल्टी माडल लाजिस्टिक पार्क के लिए भूमि हस्तांतरित करा दें
नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इंदौर-धार के बीच पीथमपुर में 1,111 करोड़ रुपये की लागत से 255 एकड़ में मल्टी माडल लाजिस्टिक पार्क बना रहे हैं। इसका कार्यादेश देना है पर अभी तक भूमि हस्तांतरित नहीं हुई है। इसे दिलवा दें तो हम काम प्रारंभ करा देंगे। भोपाल झीलों का शहर है, बड़े तालाब के ऊपर केबल कार चलाएं उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि भोपाल झीलों का शहर है। मुंबई में हमने नए एयरपोर्ट जाने के लिए वाटर टैक्सी का प्रयोग किया था। इससे 17 मिनट में वहां पहुंचा जा सकता है। आप भी केबल कार का प्रस्ताव भेजें। भारत सरकार इसमें पूरी मदद करेगी। 27 रोप-वे की निविदा भी जल्द जारी होंगी मध्य प्रदेश में 7,234 करोड़ रुपये की लागत से 27 रोप- वे बनाने का निर्णय लिया है। जबलपुर में भी आज दो रोप-वे का प्रस्तुतीकरण हुआ है। उज्जैन रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक 171 करोड़ रुपये की लागत से दो किमी लंबे रोप-वे की निविदा फरवरी में निकल जाएगी।

ओंकारेश्वर, सागर सहित अन्य शहरों में भी रोप-वे बनेंगे
इनका किया शिलान्यास- अयोध्या बायपास का चौड़ीकरण, शाहगंज से बाड़ी मार्ग का चौड़ीकरण, बुधनी-शाहगंज मार्ग का चौड़ीकरण, श्योपुर-गोरस का दो लेन मार्ग (पेव्ड शोल्डर के साथ), शुजालपुर बायपास का दो लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ), अटेर एवं भिंड बायपास का दो-लेन मार्ग(पेव्ड शोल्डर के साथ) , गोरस से श्यामपुर मार्ग का दो-लेन मार्ग (पेव्ड शोल्डर के साथ) , दाहोद (गुजरात सीमा) से अम्बुआ खंड का दो-लेन मार्ग (पेव्ड शोल्डर के साथ), मुलताई से मध्य प्रदेश/महाराष्ट्र सीमा तक का दो-लेन मार्ग (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क निर्माण।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *