विकसित भारत के संकल्प पत्र के लिए प्रदेश में जनता से सुझाव लेगी बीजेपी

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगामी पांच वर्षों में विकसित भारत के संकल्प पत्र के लिए भाजपा जनता से सुझाव लेगी। इसके लिए प्रदेशभर में सुझाव पेटियां लगाकर सुझाव एकत्रित किए जाएंगे। ‘विकसित भारत मोदी की गारंटी’ अभियान को लेकर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने अभियान के तहत संकल्प पत्र के लिए सुझाव पेटी और मिस्ड काल नंबर 9090902024 को लांच किया। शर्मा एवं हितानंद ने इसके पहले अभियान को लेकर आयोजित लोकसभा प्रभारी और प्रकोष्ठों के प्रभारियों की कार्यशाला को भी संबोधित किया। दरअसल, विकसित भारत कैसा हो, इसके लिए देश और प्रदेश की जनता की राय जानने के लिए भाजपा ने ’विकसित भारत मोदी की गारंटी’ अभियान शुरू किया है।

जनता से प्राप्त सुझावों को लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के संकल्प पत्र में शामिल किया जाएगा। वहीं जनता को मोदी सरकार की बीते 10 वर्षों की उपलब्धियों से अवगत कराया जाएगा। प्रदेश की हर लोकसभा में चार मार्च से दो एलईडी प्रचार वाहन पहुंचना शुरू होंगे। देश भर में एक करोड़ से ज्यादा लोगों से संकल्प पत्र के लिए सुझाव लिए जाएंगे। वहीं पार्टी ने नमो एप के माध्यम से 10 करोड़ ब्रांड एंबेसडर बनाने का टारगेट रखा है। कार्यक्रम में अभियान के संयोजक व विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अभियान के सह संयोजक जीतू जिराती, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, अभियान के सह संयोजक व इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं कवींद्र कियावत मंच पर उपस्थित रहे।

विकसित भारत को लेकर जानेंगे जनता की राय

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश में यह अभियान लांच हो चुका है। अब इसे जिला, लोकसभा और विधानसभा स्तर पर लांच किया जाएगा। सबसे पहले इस अभियान के संबंध में प्रत्येक विधानसभा, जिला एवं लोकसभा में पत्रकारवार्ता का आयोजन होगा। लोगों से सुझाव लेने के लिए विभिन्न स्थानों, पार्टी की बैठकों, कार्यक्रमों में सुझाव पेटियां लगाई जाएंगी।इसके अलावा 9090902024 पर मिस्ड काल करके अथवा नमो एप डाउनलोड करके भी लोग अपने सुझाव दे सकेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान प्रदेश की सभी 29 लोकसभा क्षेत्रों में एलईडी प्रचार रथ घूमेंगे। छोटी-छोटी नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर लोगों से उनके सुझाव लिए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ स्तर पर प्रत्यक्ष जनसंपर्क के माध्यम से भी लोगों से सुझाव लिए जाएंगे। सभी प्रकोष्ठ प्रदेश, जिला, विधानसभा स्तर पर संबंधित व्यवसायिक समूहों के साथ समाज के विभिन्न वर्गो से परिचर्चा एवं संवाद के कार्यक्रम आयोजित करके संकल्प पत्र के लिए सुझाव एकत्र करेंगे। सभी जिलों में इस अभियान के लिए एक कैलेंडर तैयार किया जाएगा।

युवा, महिला, किसान और गरीबों तक पहुंचना आवश्यक
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कार्यशाला को संबोधित कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमारी जो चार जातियों युवा, महिला, किसान और गरीब का जिक्र किया है, इस अभियान में उन तक पहुंचकर सुझाव लेना आवश्यक होगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रकोष्ठों के लोगों से सुझाव लिया जाए, ताकि संकल्प पत्र में आम व्यक्ति से लेकर समाज में अहम भूमिका निभाने वाला व्यक्ति आने वाले कल के लिए क्या सोचता है यह सामने आ सके। 15 मार्च तक अभियान को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, उसके बाद सुझाव पत्रों को संकल्प पत्र के लिए भेजा जाएगा। दो और तीन मार्च को जिला केंद्रों पर मीडिया को अभियान की जानकारी दी जाएगी। आठ से 10 मार्च तक देश भर में घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *