भोपाल। केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध- चंबल लिंक परियोजना से लाभांवित होने वाले गांवों में सरकार जल कलश यात्रा निकालेगी। इसमें दोनों परियोजना के महत्व तथा जल की आवश्यकता पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव सोमवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर से करेंगे। जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव डा. राजेश राजोरा ने बताया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा पार्वती -कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना को केंद्र सरकार की अनुमति मिल चुकी है। इनसे 17 जिलों के लगभग 3,614 गांव लाभांवित होंगे। इन सभी गांवों के मुख्य मार्गों पर जल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें ग्रामवासियों के साथ जनप्रतिनिधि, किसान, महिलाएं एवं छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
यात्राओं के दौरान केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के महत्व तथा जल की आवश्यकता पर केंद्रित नुक्कड़ नाटक, भजन मंडली द्वारा भजन प्रस्तुति एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। स्कूलों में जल पर केंद्रित चित्रकला, निबंध, खेलकूद, वाद विवाद प्रतियोगिताएं होंगी। चलित वाहनों के माध्यम से परियोजना के लाभ एवं जल के महत्व पर केंद्रित फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। दोनों परियोजनाओं से बड़े क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा तो विकसित होगी ही पेयजल की व्यवस्था भी होगी। औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।