शिवराज बोले- कांग्रेस में चुनाव लड़ने वालों का टोटा, इनके पास न सेना बची, न सेनापति

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने राज्यसभा में बैक डोर से एंट्री की है। जिस पार्टी के सर्वोच्च नेता का ही आत्मविश्वास हिल गया हो, उस पार्टी का क्या होगा, यह कल्पना की जा सकती है। शिवराज सिंह ने रविवार को भोपाल में अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व के दौरान कांग्रेस छोड़ने वाले बडे़ नेताओं की सूची भी जारी की। उन्होंने कांग्रेस छोड़ने वाले पूर्व मुख्यमंत्रियों और नेताओं के नाम भी गिनाए। पूर्व सीएम ने कहा कि 2014 से अब तक करीब 50 चुनाव कांग्रेस पार्टी ने हारे हैं।

कांग्रेस में चुनाव लड़ने वालों का टोटा पड़ा है

शिवराज सिंह ने कहा- 2019 में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव लड़ा था। अमेठी से खुद राहुल गांधी चुनाव हार गए थे। अभी अगर इतिहास देखें तो एक के बाद एक लगभग 50 चनाव कांग्रेस ने हारे हैं। 2013 के, 14 के बाद, कई उनके मुख्य मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्रियों ने कांग्रेस छोड़ दी और कई जगह उनको चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं मिल रहे। पूर्व सीएम ने कहा- कांग्रेस ऐसा दल बन गई है जिसके पास न तो अब सेना बची है और न सेनापति, चुनाव लड़ने वालों का टोटा पड़ा हुआ है, जब मैडम चुनाव नहीं लड़ रहीं तो बाकी बड़े नेताओं ने हाथ उठा दिए।

भाजपा चमकता सूर्य और कांग्रेस डूबता जहाज

पूर्व सीएम ने कहा- एक तरफ भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से तैयार है। भाजपा प्रखरता से चमकता हुआ सूर्य है तो वहीं कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है। कांग्रेस में न तो दिशा है न दृष्टि है। इसलिए कांग्रेस की दशा भी बहुत खराब हो रही है। सेनापति खुद भ्रमित है। कई जगह से सेना गायब है। अबकी बार 400 पार यह बीजेपी का नारा नहीं, जनता की उद्घोषणा है।

पीएम मोदी 2047 की सोच रहे हैं: शिवराज सिंह

शिवराज सिंह चौहान ने कहा- चुनाव का शंखनाद हो चुका है। पूरे देश में उत्साह का वातावरण है। चुनाव का ऐसा उत्साह मैंने पहले कभी नहीं देखा। मैंने अभी देश के लगभग 10 राज्यों का दौरा किया है। दक्षिण सहित हर राज्य में अभूतपूर्व उत्साह है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकप्रियता के शिखर पर हैं। वे ऐसे अद्भुत नेता हैं जो केवल चुनाव की नहीं सोचते, वे आज से ही 2047 की सोच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *