सीएम मोहन यादव का राहुल गांधी पर तंज, बोले- साहबजादे, जादू वाली लाल किताब उठाकर दिखा रहे थे

प्रादेशिक भिंड मध्‍य प्रदेश

भिंड| कांग्रेस का स्वभाव है कि वह अच्छे काम पसंद नहीं करती। कांग्रेसी क्या-क्या बोलते हैं, उन्हें खुद नहीं पता। कल कांग्रेस के एक साहबजादे आपके बीच आए थे। कोई उनका पप्पू कहता है, पता नहीं उनके क्या-क्या नाम है। कल वह एक लाल रंग की किताब उठाकर दिखा रहे थे, जिसे वह संविधान कह रहे थे। संविधान की किताब ऐसी होती है। वह जो दिखा रहे थे। वह जादू वाली दुकानों पर मिलने वाली लाल रंग की किताब थी। उन्होंने बाबा साहब को अपमानित करने का काम किया। वह अपने पूर्वजों को खुद ही गाली दे रहे थे। यह बात मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने बुधवार को भिंड के लहार के उपाध्याय गार्डन में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि एक साहबजादे कह रहे थे कि भाजपा की सरकार आएगी तो संविधान बदल देगी। अरे बाबू ये बताओ 10 साल से किसकी सरकार चल रही है। आप लोग मुझे बताओ प्रधानमंत्री कौन है?, आज बड़े-बड़े देश अमेरिका, इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया सब 56 इंच सीने वाले के पीछे सेल्फी लेने के लिए घूम रहे हैं। अरे ये पीएम मोदी के लिए आशीर्वाद देने के लिए तीसरी बार अभियान चल रहा है और तुम्हारी दुकान धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है।

अरे बाबू साहब! पंडित जवाहर लाल नेहरू आपके कुछ लगते हैं कि नहीं। वर्ष 1950 में संविधान लागू हुआ। इसके बाद 17 बार पूर्व पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू ने इसमें संशोधन कराया। 29 बार पूर्व पीएम इंदिरा गांधी और 10 बार पूर्व पीएम राजीव गांधी ने। अरे आप 100 बार इसमें संशोधन करा चुके हैं। हमने देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। अरे कांग्रेसी कहते थे कि मोदी सरकार आ गई तो देश में दंगे होंगे। धारा 370 हटने पर खून की नदियां बह जाएंगी। अरे धारा 370 भी हटी, मोदी सरकार भी आई और श्रीराम मंदिर भी बनकर तैयार हो गया।

शिवराज की प्रशंसा
सीएम ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री नहीं सेवक बनकर काम करना चाहता हूं। मैं, धन्यवाद देना चाहता हूं पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को, जिन्होंने एक बीमारू राज्य को सुशासन राज्य में परिवर्तित करने का काम किया। लाड़ली बहना से लेकर कोई भी योजना बंद नहीं होगी। पांच तारीख को आपके खाते में पैसे पहुंच जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *