मप्र में नौतपा के 7वें दिन 12 शहरों में चली लू, धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी अलर्ट

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| राजस्थान, गुजरात की तरफ से लगातार आ रही गर्म हवाओं के प्रभाव से मध्य प्रदेश के उत्तरी एवं पूर्वी क्षेत्र के शहरों में अब भी भीषण गर्मी जारी है। शेष क्षेत्रों में गर्मी के तीखे तेवरों से कुछ राहत मिली है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले दो दिन तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। नौतपा की समाप्ति (दो जून) के साथ ही प्रदेश में मानसून पूर्व की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। इस दौरान धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक की स्थिति बनेगी, जिससे लू से राहत मिलेगी। उधर, नौतपा के सातवें दिन शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान छतरपुर में रहा।12 शहरों में अधिकतम तापमान 45 से लेकर 47.1 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। इन शहरों में तीव्र लू एवं लू चली।

नौतपा के सातवें दिन 12 शहरों में चली लू
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके साथ एक द्रोणिका भी संबद्ध है। राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात है। गुजरात के मध्य में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात मौजूद है। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात मौजूद है। इस चक्रवात से लेकर बांग्लादेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है।

हवा के साथ नमी
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि राजस्थान और गुजरात की तरफ से आ रही गर्म हवाओं के कारण प्रदेश के उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में भीषण गर्मी पड़ रही है, लेकिन दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में लू से राहत मिल गई है। मौसम का यह मिजाज दो दिन और बना रह सकता है। हालांकि इस दौरान अधिकतम तापमान में कुछ कमी दर्ज की जाएगी। दो जून के बाद प्रदेश में मानसून की पूर्व की गतिविधियों में भी तेजी आने की संभावना है। हवा के साथ नमी आने से प्रदेश के कई जिलों में तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ गरज-चमक होगी। कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने से लू से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।

शहर- अधिकतम तापमान
छतरपुर- 47.1
शिवपुरी- 47.0
निवाड़ी- 46.7
खजुराहो- 46.5
दतिया- 46.4
सिंगरौली- 46.3
नौगांव- 46.0
सीधी- 45.8
ग्वालियर- 45.7
सतना- 45.2
शहडोल- 45.1
दमोह- 45.0

नोट : तापमान डिग्री सेल्सियस में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *