गृह राज्य मंत्री टेनी चुनाव हारे, अमेठी से स्मृति ईरानी की भी हार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जीते

देश नई दिल्ली राष्ट्रीय

नई दिल्ली| लोकसभा की 542 सीटों की काउंटिंग जारी है। अब तक 7 सीटों का रिजल्ट जारी हो चुका है। उत्तर प्रदेश की लखीमपुर खीरी सीट से केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी चुनाव हार गए हैं। 2021 में टेनी के बेटे ने प्रदर्शन कर रहे किसानों पर अपनी कार चढ़ा दी थी। इसमें 8 लोगों की मौत हुई थी। साथ ही मोदी सरकार में मंत्री स्मृति ईरानी, महेंद्र नाथ पांडेय और कौशल किशोर भी चुनाव हार गए हैं। उधर फैजाबाद (अयोध्या) में बीजेपी प्रत्याशी लल्लू सिंह को भी हार मिली।राहुल गांधी केरल के वायनाड और यूपी के रायबरेली से चुनाव जीत गए। वहीं कैसरगंज सीट से करणभूषण सिंह ने भी बाजी मारी। करणभूषण पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे हैं। बृजभूषण पर पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया था, जिसके बाद उन्हें टिकट नहीं मिला। उधर, हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और चित्रदुर्ग से जीएम करजोल विजयी घोषित हुए हैं। सूरत सीट भाजपा पहले ही निर्विरोध जीत चुकी है। राजस्थान में जयपुर सीट भाजपा की मंजू शर्मा जीत चुकी हैं।

मध्य प्रदेश के इंदौर में बीजेपी प्रत्याशी शंकर लालवानी 11 लाख 75 हजा 92 वोट से जीत गए हैं। विदिशा से बीजेपी प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने 8 लाख 20 हजार 868 वोटों से जीत हासिल की है। इसके अलावा, पंजाब में पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी जालंधर से और फतेहगढ़ साहिब से अमर सिंह चुनाव जीत गए हैं। अमृतसर से कांग्रेस के गुरजीत औजला जीते। वहीं खडूर साहिब से खालिस्तान समर्थक अमृतपाल निर्दलीय चुनाव जीत गए। पटियाला से कांग्रेस के धर्मवीर गांधी जीते हैं। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी बीजेपी उम्मीदवार परनीत कौर और AAP सरकार के मंत्री डॉ. बलबीर सिंह को हराया है। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट का खाता खुल गया है। दक्षिण-मध्य मुंबई से अनिल देसाई चुनाव जीत गए हैं। देसाई ने शिवसेना शिंदे गुट के निवर्तमान सांसद राहुल सेवाले को हराया। मेघालय से कांग्रेस के सालेंग ए संगमा जीत गए हैं। वे तुरा सीट से चुनाव लड़ रहे थे। कर्नाटक में जनता दल (सेक्युलर) के एच.डी. कुमारस्वामी मांड्या सीट से 2.84 लाख वोट से जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के वेंकटरमण गौड़ा को हराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *