रास की सीट छोड़ेंगे सिंधिया, बुधनी और अमरवाड़ा विस सीट के लिए होंगे उपचुनाव

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गुना से लोकसभा जीतने के साथ यह तय हो गया है कि प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट रिक्त होगी। इस पर उपचुनाव कराया जाएगा। उधर, विदिशा से सांसद चुने जाने के अब शिवराज सिंह चौहान विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देंगे। वे बुधनी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट भी रिक्त है। इन दोनों सीटों के लिए भी उपचुनाव कराया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को राज्यसभा का सदस्य रहते गुना संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ाया था।

वे 5,40,929 मतों के अंतर से कांग्रेस के राव यादवेंद्र सिंह यादव को हराकर फिर लोकसभा पहुंचे हैं। जाहिर है कि अब वे राज्यसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देंगे। चुनाव आयोग शेष अवधि के लिए उपचुनाव कराएगा। सिंधिया का राज्यसभा में कार्यकाल नौ अप्रैल 2026 तक है। पार्टी यहां से देश और प्रदेश के सियासी समीकरण को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशी तय करेगी क्योंकि 230 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा की सदस्य संख्या 163 को देखते हुए निर्विरोध निर्वाचन होना तय है।
इन विस सीटों पर उपचुनाव
वहीं, बुधनी से विधायक पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विदिशा लोकसभा सीट से चुने जाने के कारण यहां भी उपचुना व होगा। इसी तरह चुनाव से पहले छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट से विधायक कमलेश शाह ने त्यागपत्र देकर भाजपा की सदस्यता ले ली थी। यह सीट रिक्त घोषित हो चुकी है और इसकी सूचना भी चुनाव आयोग को दे दी गई है।
रावत और सप्रे को लेकर असमंजस
उधर, विजयपुर से कांग्रेस के विधायक रामनिवास रावत और बीना सीट से विधायक निर्मला सप्रे को लेकर असमंजस की स्थिति है। लोकसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता लेने की घोषणा हुई थी। उन्होंने मुरैना में भाजपा के पक्ष में काम भी किया। इसी तरह बीना सीट से विधायक निर्मला सप्रे ने भी मुख्यमंत्री की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ले ली थी पर दोनों ने अब तक विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र नहीं दिया है। कांग्रेस अब दोनों को अपने साथ नहीं रखना चाहती है इसलिए विधिक स्थिति का परीक्षण करके विधानसभा के एक जुलाई से होने वाले मानसून सत्र के पहले विधानसभा की सदस्यता समाप्त करने के लिए आवेदन दे सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *