हरियाली बचाने पेड़ों से लिपटी महिलाएं, कहा-ये हमारे बच्चों जैसे, 29 हजार पेड़ काटने का विरोध

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| भोपाल में मंत्री-विधायकों और अफसरों के बंगले बनाने के लिए 29 हजार पेड़ों को काटे जाने का विरोध शुरू हो गया है। बुधवार को इसके खिलाफ प्रदर्शन हुआ। शहर के 5 नंबर स्टॉप पर रहवासियों ने पेड़ों से चिपक कर विरोध जताया। महिलाएं धरना स्थल के नजदीक लगे पेड़ों के पास पहुंचीं, और भावुक होकर उन्हें दुलारने लगी। कहा- ये पेड़ हमारे बच्चों जैसे हैं। ये हमारे हर सुख-दुख के साक्षी हैं। हमें यहां रहते हुए 50 साल से ज्यादा हो गए। इनसे स्वाभाविक लगाव है। सरकार भोपाल की हरियाली मिटाने जा रही है। स्मार्ट सिटी में हम इसका उदाहरण देख चुके हैं। इन पेड़ों को बचाने के लिए हम उत्तराखंड की तर्ज पर भोपाल में चिपको आंदोलन करेंगे।

कांग्रेस, पर्यावरणविद और रहवासियों ने दिया ज्ञापन

इधर, कांग्रेस नेता, पर्यावरणविद और शिवाजी नगर-तुलसी नगर के रहवासियों ने भी धरना दिया और एसीपी हबीबगंज मयूर खंडेलवाल को ज्ञापन दिया। पार्षद गुड्‌डू चौहान ने बताया कि यह इलाके वार्ड-31 और 46 में आता है। जहां सरकारी आवास तोड़े जाएंगे, और मंत्रियों के बड़े बंगले बनेंगे, लेकिन निर्माण की आड़ में 29 हजार से अधिक पेड़ भी काटे जाएंगे। हम ऐसा नहीं होने देंगे।

14 जून को भी होगा बड़ा प्रदर्शन होगा

भोजपाल जन कल्याण एवं विकास परिषद भी पेड़ों के काटे जाने के विरोध में है। इसे लेकर एक बैठक भी हो चुकी है। पर्यावरण विद् उमाशंकर तिवारी ने बताया, 29 हजार पेड़ों को बचाने के लिए सड़क पर उतरेंगे। ये पेड़ 50 से 70 साल तक पुराने हैं। 14 जून को शाम 7 बजे नूतन कॉलेज के सामने शिवाजी नगर में पेड़ों का पूजन रक्षा सूत्र बांधकर पेड़ों की रक्षा का वचन दोहराएं गे। साथ ही पेड़ों की रक्षा के लिए शहर के सांसद, विधायक और अधिकारियों के पास जाएंगे। जरूरत पड़ी तो कोर्ट की शरण में जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *