प्रदेश में रोपे जाएंगे 5.50 करोड़ पौधे, भोपाल में 1 दिन में 12 लाख पौधारोपण का लक्ष्य

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

मुख्यमंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान को सफल बनाने जनभागीदारी पर दिया जोर।
सीएम ने कहा कि पौधारोपण अभियान के साथ युवाओं को जोड़ना प्रशंसनीय है।
राजधानी भोपाल में 350 स्थानों को किया चिह्नित। किया जाएगा व्यापक पौधारोपण।

भोपाल। एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत छह जुलाई से होगी। इसके तहत प्रदेश में कुल पांच करोड़ 50 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसकी तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने गुरुवार को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान जन सहयोग से सफल होगा। अभियान के लिए जन भागीदारी जुटाई जा रही है। प्रदेश के दो बड़े नगरों में अभियान से अनेक संगठन जुड़ रहे हैं, जहां इंदौर जिले में 51 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। वहीं राजधानी भोपाल में जिले के विभिन्न स्थानों पर एक दिन में 12 लाख पौधे रोपे जाएंगे। भोपाल जिले में 12 हजार पौधे मां के सम्मान में लगाए जाएंगे। शेष पौधे भी विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लगेंगे। भोपाल में राष्ट्रवादी विचारक, शिक्षाविद और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर छह जुलाई को अभियान के अंतर्गत पौधे लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
विद्यार्थियों को दें विरासत की जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधारोपण अभियान के साथ युवाओं को जोड़कर उन्हें पर्यावरण का महत्व बताना प्रशंसनीय है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को विरासत से जोड़ने का कार्य भी किया जाए। भोपाल जिला पर्यटन परिषद और अन्य संस्थाएं विद्यार्थियों को पुरातात्विक महत्व के स्थानों, विज्ञान संग्रहालय और अन्य संग्रहालयों की सैर करवाएं। भोपाल में ऐसे जीवंत प्रयास होने चाहिए, जिससे राजधानी का एक माडल बने और अन्य स्थानों पर उसकी चर्चा हो। एक पेड़ मां के नाम अभियान के लिए जन अभियान परिषद, अखिल विश्व गायत्री परिवार और अन्य संस्थाओं का पूरा सहयोग लिया जाए।
भोपाल में 350 स्थल किए चिह्नित
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि भोपाल में 350 स्थान पौधारोपण के लिए चिह्नित किए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से कलियासोत डैम, आदमपुर खंती, कीरत नगर, केम्पा वृक्षारोपण मुंगालियाकोट, समरधा जंगल रेंज और कलारा बैरसिया भी शामिल हैं। कुल 480 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधे लगाने का लक्ष्य है। एक पेड़ मां के नाम और हरित महोत्सव अभियान को भोपाल में एक वृक्ष भोपाल के नाम से भी प्रचारित किया जा रहा है, इसके अंतर्गत व्यापक पौधारोपण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *