हाथरस भगदड़ में पहला एक्शन, बाबा के 6 सेवादार गिरफ्तार, मुख्य आयोजक पर 1 लाख का इनाम

उत्तर प्रदेश देश राष्ट्रीय

हाथरस में हुई भगदड़ पर आईजी शलभ माथुर की प्रेस कॉन्फ्रेंस।
पुलिस को नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा की तलाश।
सरकार ने हादसे की जांच के लिए न्यायिक आयोग बनाया है।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई भगदड़ के तीसरे दिन आज (गुरुवार) छह लोगों को अरेस्ट किया गया। आईजी रेंज अलीगढ़ शलभ माथुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार छह आरोपी आयोजन समिति के सदस्य हैं। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं।

मुख्य आयोजक मधुकर की तलाश
पुलिस ने मुख्य आयोजक प्रकाश मधुकर पर एक लाख का इनाम घोषित किया है। वह पुलिस की पकड़ से अभी दूर है। आईजी शलभ माथुर ने कहा, ‘पुलिस जल्द ही मधुकर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करवाएगी। अगर जरूरत पड़ी तो बाबा से भी पूछताछ की जाएगी।’ उन्होंने कहा कि जिन आरोपियों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। वह आयोजन समिति के सदस्य हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। आरोपी क्राउड मैनेजमेंट का काम करते हैं।

30 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया
यूपी पुलिस के सीनियर अफसर के अनुसार गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में राम लडैते यादव (मैनपुरी), मंजू यादव (हाथरस), उपेंद्र सिंह यादव (फिरोजाबाद), मंजू देवी यादव (हाथरस), मेघ सिंह (हाथरस) और मुकेश कुमार (हाथरस) शामिल हैं। ये सभी सेवादार हैं। वहीं, पुलिस ने मुख्य आयोजक देव प्रकाश मधुकर की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने एटा, हाथरस और मैनपुरी से 30 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया। यह सभी नारायण साकार हरि से जुड़े हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद पुलिस भोले बाबा तक पहुंच नहीं पाई है। पुलिस ने आठ ठिकानों पर छापा मारा है।

28 साल पहले छेड़खानी के आरोप में निलंबित
उत्तर प्रदेश में कांस्टेबल रहा सूरजपाल जाटव 18 साल की नौकरी के बाद वीआरएस लेकर बाबा नारायण साकार हरि बन गया।
वह कासगंज जिले के पटियाली तहसील के बहादुरपुर गांव का रहने वाला है। 28 साल पहले छेड़खानी के आरोप में निलंबित और फिर बर्खास्त हुआ।
छेड़खानी के मामले में सूरजपाल एटा जेल में बंद रहा और रिहाई के बाद बाबा बनकर लोगों के सामने आया।
बर्खास्त होने के बाद सूरज को अदालत के आदेश पर बहाल किया गया, लेकिन 2002 में वीआरएस ले लिया। बाबा के खिलाफ छह आपराधिक मुकदमे हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *