पेरिस ओलंपिक : भारत को पहला मेडल, कांस्य पदक जीतकर मनु भाकर शूटिंग में मेडल पाने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

खेल देश नई दिल्ली निशानेबाजी राष्ट्रीय

पेरिस। पेरिस ओलिंपिक में भारतीय शूटर मनु भाकर ने इतिहास रच दिया है। मनु भाकर ने वूमेन्स 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में कांस्य पदक जीता है। मनु ओलिंपिक के इतिहास में शूटिंग में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। उन्होंने 221.7 पॉइंट्स हासिल किए। मनु अपने दूसरे ओलंपिक खेलों में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2020 में डेब्यू किया था, लेकिन तब उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। दक्षिण कोरिया की येजी किम ने 241.3 अंक के साथ रजत पदक जीता। किम की हमवतन ये जिन ओह ने 243.2 अंक के फाइनल के ओलंपिक रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। लंदन ओलंपिक 2012 के बाद भारत का निशानेबाजी में यह पहला ओलंपिक पदक है। रियो ओलंपिक 2016 और टोक्यो ओलंपिक से भारतीय निशानेबाज खाली हाथ लौटे थे।

रमिता जिंदल ओलंपिक महिला 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में
भारतीय निशानेबाज रमिता जिंदल ने पेरिस ओलंपिक की महिला 10 मीटर एयर राइफल निशानेबाजी स्पर्धा के क्वालीफिकेशन में पांचवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई। इसी स्पर्धा में इलावेनिल वलारिवान 10वें स्थान पर रहते हुए क्वालीफिकेशन से बाहर हो गयी। हांगझोऊ एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता रमिता ने कुल 631.5 अंक के साथ फाइनल में जगह पक्की की। वह इस ओलंपिक में पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर के बाद फाइनल में जगह पक्की करने वाली भारत की दूसरी निशानेबाज है।

इन नेताओं ने जताई खुशी…

भारत के राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने ट्वीट कर लिखा कि पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में कांस्य पदक के साथ भारत की पदक तालिका खोलने के लिए मनु भाकर को हार्दिक बधाई। वह शूटिंग प्रतियोगिता में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। भारत को मनु भाकर पर गर्व है। उनकी उपलब्धि कई खिलाड़ियों, विशेषकर महिलाओं को प्रेरित करेगी। मैं कामना करता हूं कि वह भविष्य में और अधिक उपलब्धियां हासिल करें।’

पीएम मोदी ने कहा- शाबाश मनु भाकर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि एक ऐतिहासिक पदक। पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए पहला पदक जीतने के लिए शाबाश मनु भाकर। आपको कांस्य पदक के लिए बधाई। यह सफलता और भी खास है, क्योंकि वह भारत के लिए शूटिंग में पदक जीतने वाली पहली महिला बन गई हैं। एक अविश्वसनीय उपलब्धि।

अमित शाह ने दी मनु भाकर को बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा कि पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतकर पहला पदक जीतने पर मनु भाकर को बधाई। आपने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे देश में उत्साह की लहर दौड़ा दी है। देश को आप पर गर्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *