हृदय प्रदेश के विकास परक स्पंदन को स्वास्थ्यवर्धक सिद्ध होंगे अनुराग जैन

Blog

अनुराग जैन, एक ऐसा नाम जो मध्य प्रदेश के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों में सर्वाधिक चर्चा का विषय बना हुआ है। अच्छी बात यह है कि चर्चा सकारात्मक है। वल्लभ भवन के साधारण कर्मचारी से लेकर भारतीय प्रशासनिक अधिकारियों तक यही संभावनाएं व्यक्त की जा रही हैं कि राज्य का प्रशासनिक पद संभालने के बाद नवागत मुख्य सचिव अनुराग जैन भारतीय हृदय प्रदेश के विकास परक स्पंदन के लिए स्वास्थ्यवर्धक सिद्ध होने जा रहे हैं। ज्ञात ही है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी श्री अनुराग जैन ने नवरात्रों की शुरुआत के साथ ही मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव का दायित्व भार संभाल लिया है। 1989 बैच के अधिकारी अनुराग जैन की काबिलियत का लोहा इससे भी सिद्ध होता है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव विगत कुछ समय से उनके व्यवहार, उनकी कार्य प्रणाली और नौकरशाही में व्याप्त उनकी छवि को लेकर गहन अध्ययन कर रहे थे। संभवत वे इस बात से पूरी तरह संतुष्ट हो जाना चाहते थे कि आधिकारिक तौर पर प्रदेश की प्रशासनिक कमान ऐसे हाथों को सौंपी जाए, जिन्हें लेकर यह भरोसा दृढ़ रहे कि परिस्थितियों कैसी भी रहें जनसाधारण में कानून व्यवस्था को लेकर अटूट संभावनाएं बनी रहेंगी। वाकई में श्री जैन के पदारूढ़ होते ही राजधानी से लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों तक एक सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव देखने में आ रहा है। यह सकारात्मक वातावरण अकारण ही नहीं है। इसके पहले भी मध्य प्रदेश का प्रबुद्ध वर्ग और नौकरशाह अनुराग जैन की काबिलियत को नजदीक से देखता रहा है। पहले भी अनुराग जैन केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव रह चुके हैं। मुख्यमंत्री के सचिव, वित्त मंत्रालय के संयुक्त सचिव और प्रधानमंत्री कार्यालय में भी संयुक्त सचिव के दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते रहे हैं। यहां तक कि उन्हें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के महत्वपूर्ण गति शक्ति मिशन की बारीक समझ है। बताया जाता है कि इस बाबत उनके और श्री मोदी के बीच गहन चर्चाएं चलती रही हैं । सार्वजनिक जीवन को समर्पित अनेक विद्वान यह जानते हैं कि केंद्र सरकार की बेहद महत्वाकांक्षी जन धन योजना को धरातल पर उतरने में अनुराग जैन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यही नहीं, आप प्रधानमंत्री कार्यालय में रहकर श्रम, कौशल विकास, उर्वरक, रसायन, खाद्य उपभोक्ता मामले, कृषि और आईटी आदि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जाने जाते रहे हैं। अनुराग जैन एकमात्र ऐसे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हैं, जिनकी राज्य और केंद्र शासन के शीर्षस्थ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों में समान रूप से गहरी तथा आत्मीय पैठ है। जाहिर है अब जब वे मध्य प्रदेश शासन के मुख्य सचिव बन गए हैं तब आम आदमी को मध्य प्रदेश और केंद्र शासन के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिलेगा, जो सभी के लिए शुभकारी साबित होने वाला है। जहां तक मध्य प्रदेश को उनके कार्य करने के सलीके को लेकर अनुभवों की बात है तो कौन नहीं जानता कि भोपाल के कलेक्टर रहते अनुराग जैन ईदगाह हिल्स क्षेत्र की लगभग 600 एकड़ जमीन को शासकीय घोषित करने का दुरूह कार्य कर चुके हैं। झुग्गियों और गुमठियों को हटाकर उनके विस्थापन का नवाचार भी श्री जैन के खाते में जाता है। अब इस ओर उनसे बड़े चमत्कार की उम्मीद है। व्यक्ति छोटा हो अथवा बड़ा सभी के लिए कानून समान है। उनकी यह मान्यता तब देखने को मिली जब श्री जैन ने राजधानी की एक स्थापित कॉलोनी में निर्मित शॉपिंग मॉल के अवैध हिस्से को धूल धूसरित कर दिखाया था। कौन नहीं जानता कि पहले भोपाल जिला बैरसिया और हुजूर तहसील के बीच बंटा हुआ था। लोगों को शासकीय कार्यों को संपादित करने में भारी परेशानी आती थी। लेकिन श्री जैन ने कलेक्टर रहते बड़ी तहसीलों और आर आई क्षेत्र पर आधारित नजूल बनाकर अधिकाअधिक एसडीएम नियुक्त किए।फल स्वरुप यहां आठ नजूल क्षेत्र आकार में आए। इससे लोगों को अब काफी आसानी है। मूर्तियों के विसर्जन को लेकर आज जो वैकल्पिक व्यवस्थाएं, नए घाट, छोटे बड़े एवं अन्य तालाबों पर देखने को मिल रहे हैं, इनकी शुरुआत का श्रेय भी अनुराग जैन को ही जाता है। उन्होंने भोपाल कलेक्टर की हैसियत से इस बारे में सख्त निर्णय लिए। उनके द्वारा स्थापित व्यवस्थाएं अब यहां के जलीय पर्यावरण के लिए शुभकारी साबित हो रही हैं। कुल मिलाकर हमारे नए मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन के पिछले अनुभवों को लेकर प्रदेश की जनता के मन में उनसे अनेक संभावनाएं हैं। लोगों को उम्मीद है कि उनके आने से प्रदेश की वित्तीय स्थिति सुधरेगी। गुड गवर्नेंस में अधिकतम सुधार देखने को मिलेंगे। सरकार की जो भी कल्याणकारी योजनाएं जनहित में लागू हैं, उनका जमीनी क्रियान्वयन और अधिक पारदर्शिता तथा ईमानदारी के साथ होगा। सबसे बड़ी बात यह की 4 साल बाद एक बार फिर मध्य प्रदेश को सिंहस्थ से रूबरू होना है। उसकी तैयारी और पूर्णता को लेकर यह प्रदेश आप भली भांति आश्वस्त है। नवरात्रों के साथ ही अस्तित्व में आए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री अनुराग जैन का नया कार्य भार मध्य प्रदेश की सरकार और यहां की जनता के लिए शुभ फलदाई साबित होगा, ऐसा विश्वासहै।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *