दिल्ली में खौफनाक मर्डर, सिरफिरे ने सरेआम 16 साल की लड़की पर चाकू से किए 40 वार, साक्षी का कातिल साहिल को बुलंदशहर से पुलिस ने धर दबोचा

देश नई दिल्ली राष्ट्रीय

नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 16 वर्षीय लड़की की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। आरोपी ने कथित तौर पर उसे पत्थर से कुचल कुचल कर मारने से पहले कई बार उस पर चाकू से वार किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लड़की शाहबाद डेयरी में जे. जे. कॉलोनी की निवासी थी। वह सड़क पर बदहवास हालत में मिली। अधिकारी ने बताया कि वह सड़क से गुजर रही थी जब लड़के ने उसे रोका और उस पर हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और शनिवार को उनके बीच झगड़ा हुआ था। रविवार को लड़की अपनी दोस्त के बेटे के जन्मदिन की पार्टी में जा रही थी जब लड़के ने उसे रास्ते में रोका और उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम से ही पुष्टि होगी कि उस पर कितनी बार चाकू से वार किया गया। पुलिस ने बातया कि आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है। लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर शाहबाद डेयरी थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दिल्ली में खौफनाक वारदात को अंजाम देकर फरार होने वाले साहिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से साहिल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उसे लेकर दिल्ली पहुंच रही है और अब उससे इस मामले में पूछताछ की जाएगी। इससे पहले 16 साल की लड़की साक्षी की हत्या का वीडियो भी सामने आया था। जिसमें नजर आ रहा था कि किस तरह साहिल ने साक्षी पर चाकू से हमला किया था। साक्षी के हत्यारे साहिल की तलाश में पुलिस की छह टीमें लगी हुई थीं। उसकी लोकेशन को ट्रैक करने की लगातार कोशिश की जा रही थी, लेकिन उसका पता नहीं चल पा रहा था। वह बड़ी चालाकी से अपना फोन घर पर ही छोड़कर फरार हो गया था। हालांकि, कुछ अहम इनपुट्स मिलने के बाद आखिरकार पुलिस को कामयाबी हाथ लग ही गई और उसे बुलंदशहर से धर दबोचा गया।

दीपेंद्र पाठक, स्पेशल सीपी ( दिल्ली), ने कहा कि हम इस मामले में साक्ष्य को बेहतर तरीके से जुटाएंगे और इसे बेहतर तरीके से न्यायालय में रखेंगे ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा हो सके। पुलिस ने बताया कि इस कांड से जुड़े सबूतों को जुटाया गया है। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया लगता है कि शायद पिछले कुछ दिनों के दौरान इन दोनों के बीच अनबन हुई थी। इसी वजह से साहिल ने हत्याकांड को अंजाम दिया है। हालांकि, पूरी जानकारी जांच के बाद ही मिल सकेगी। शाहबाद डेरी इलाके में हुई हत्या के करीब 18 घंटे बाद पुलिस ने साहिल को पकड़ा है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि साहिल एसी रिपेयरिंग का काम करता था। यह भी कहा जा रहा है कि साक्षी की मां ने मांग की है कि आऱोपी साहिल को फांसी हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *