मन की बात : कच्‍छ के लोगों ने खतरनाक बिपरजॉय का किया डटकर मुकाबला, आपदा प्रबंधन की ताकत बढ़ी- पीएम मोदी

देश नई दिल्ली राष्ट्रीय

नई दिल्ली: मन की बात कार्यक्रम में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा बिपरजॉय ने कच्छ में कितना कुछ तहस-नहस किया, लेकिन जिस हिम्मत और तैयारी के साथ कच्छ के लोगों ने इतने खतरनाक चक्रवात का मुकाबला किया, वह अभूतपूर्व है। पीएम ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं पर किसी का जोर नहीं होता। लेकिन पिछले कुछ सालों में भारत ने आपदा प्रबंधन की जो ताकत विकसित की है, वो आज एक उदाहरण बन रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से मुकाबला करने का एक बड़ा तरीका है प्रकृति का संरक्षण। यह शो महीने के आखिरी रविवार को टेलीकास्ट होता है, लेकिन पीएम मोदी 21 जून से 24 जून तक अमेरिका दौरे पर रहेंगे। ऐसे में इस बार एक हफ्ते पहले प्रसारित किया गया।

रविवार को पीएम मोदी ने मन की बात के 102वें एपिसोड में लोगों को संबोधित किया। इस एपिसोड में उन्होंने योग दिवस, इमरजेंसी, स्पोर्ट्स, 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाने के अभियान और प्रकृति संरक्षण को लेकर बात की। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मानसून के समय में हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। ये नदी, नहर, सरोवर, ये केवल जल-स्त्रोत ही नहीं होते हैं, बल्कि इनसे, जीवन के रंग और भावनाएं भी जुड़ी होती हैं। इसीलिए आज देश ‘कैच द रेन’ जैसे अभियानों के जरिए सामूहिक प्रयास कर रहा है।

इमरजेंसी के दिनों को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है। हम अपने लोकतांत्रिक आदर्शों को सर्वोपरि मानते हैं। अपने संविधान को सर्वोपरि मानते हैं। इसलिए, हम 25 जून को भी कभी भुला नहीं सकते। यह वही दिन है जब हमारे देश पर इमरजेंसी थोपी गई थी। उन्‍होंने कहा कि यह भारत के इतिहास का काला दौर था। लाखों लोगों ने पूरी ताकत से इमरजेंसी का विरोध किया था। उस दौरान लोकतंत्र के समर्थकों पर इतना अत्याचार किए गए थे कि आज भी मन सिहर उठता है।पीएम मोदी ने कहा कि 20 जून को ऐतिहासिक रथयात्रा का दिन है। रथयात्रा की पूरी दुनिया में एक विशिष्ट पहचान है। इन रथयात्राओं में जिस तरह देश भर के, हर समाज, हर वर्ग के लोग उमड़ते हैं वो अपने आपमें बहुत अनुकरणीय है। ये आस्था के साथ ही ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का भी प्रतिबिम्ब होती है।

विश्‍व योग दिवस का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि इस वर्ष योग दिवस की थीम है- योग फॉर वसुधैव कुटुंबकम यानि ‘एक विश्व-एक परिवार’ के रूप में सबके कल्याण के लिए योग। यह योग की उस भावना को व्यक्त करता है, जो सबको जोड़ने वाली और साथ लेकर चलने वाली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी महीने खेल जगत से भारत के लिए कई बड़ी खुशखबरी आई हैं। भारत की टीम पहली बार विमेंस जूनियर एशिया कप जीती है। इसी महीने मेंस टीम ने भी जूनियर एशिया कप जीता है। जूनियर शूटिंग वर्ल्ड कप में भी हमारी टीम ने जीत हासिल की। पीएम ने कहा कि भारत ने संकल्प किया है 2025 तक, टी.बी. मुक्त भारत, बनाने का। जन-भागीदारी ही टी.बी. मुक्त भारत अभियान की सबसे बड़ी ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *