UP और बिहार में गर्मी चरम पर, तीन दिन में हीटवेव से 98 लोगों की मौत, ओडिशा में पारा 44 तक पहुंचा

उत्तर प्रदेश ओडिशा झारखंड देश बिहार राष्ट्रीय

लखनऊ, पटना, रांची, भुवनेश्वर: उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा समेत नौ राज्‍यो में गर्मी अपने चरम पर है। उत्‍तर प्रदेश और बिहार में पिछले तीन दिनों में हीटवेव जारी है। गर्मी के कारण यूपी में 54 और बिहार में 44 लोगों की मौत हो चुकी है। ओडिशा में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया। यहां एक व्‍यक्ति की मौत हो गई। यूपी के बलिया में तीन दिन में (15, 16 और 17 जून) 400 लोगों को बुखार और सांस लेने की तकलीफ की शिकायत पर अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें अधिकतर 60 साल से ज्यादा के मरीज हैं। वहीं, नॉर्थ-ईस्‍ट के राज्‍यों में बारिश हो रही है। असम के 13 जिलों में बाढ़ से 38 हजार लोग प्रभावित हुए हैं।

मौसम विभाग ने बिहार के छह जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। आठ जिलों के लिए ऑरेंज तथा चार जिलों के लिए यलो अलर्ट है। यहां तापमान 44 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, बक्सर और कैमूर में रेड अलर्ट है। कई जिलों में 12वीं तक के स्कूल और आंगनबाड़ी 24 जून तक बंद कर दिए गए हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। यहां इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप के आयोजन में तेज गर्मी के कारण महिला एथलीट तेजस्विनी शंकर बेहोश होकर गिर गईं। अन्य खिलाड़ियों को सिर पर पानी डालते देखा गया। राज्य में हीटवेव के चलते एक व्यक्ति की मौत भी हो गई है।

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी पड़ रही है। आमतौर पर 10 से 15 जून तक यहां मानसून पहुंच जाता है। मानसून आने से दो-तीन दिन पहले प्री-मानसून की बारिश शुरू हो जाती है। जून में ज्यादा गर्मी महसूस नहीं की जाती। इस वर्ष मानसून लेट हुआ और गर्मी भी तेज पड़ने लगी है। उत्‍तर प्रदेश में बिपरजॉय तूफान के चलते आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिल सकती है। मगर अभी दो दिन गर्मी सताएगी। बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, प्रतापगढ़, कौशांबी, सुल्तानपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, सोनभद्र, गाजीपुर, देवरिया, मऊ, बलिया, गोरखपुर, महाराजगंज, अंबेडकरनगर, संतकबीर नगर में तापमान गर्म रहेगा।

मौसम विभाग ने 9 राज्यों में 21 जून तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश, छत्‍तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तेलांगना, आंध्र प्रदेश शामिल हैं। वहीं, नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में बारिश हो रही है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम में बरसात हो रही है। असम में ब्रह्मपुत्र नदी उफान पर है। 13 जिलों में बाढ़ से 38 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा सिक्किम के तीन जिलों में बारिश हुई है। चुंगथांग में शुक्रवार को लैंडस्लाइड की वजह से नेशनल हाईवे बह गया, जिसके बाद यहां 3500 पर्यटक फंस गए। सेना ने इनका रेस्क्यू किया है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में पांच राज्‍यों में मध्‍यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इनमें दक्षिण और मध्य राजस्थान, मणिपुर, असम, मेघालय और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश की आशंका है। पूर्वोत्तर राजस्थान, हरियाणा, उत्तर गुजरात के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश संभव है। कर्नाटक, कोंकण और गोवा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालय, बिहार के कुछ हिस्सों, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *