खराब मौसम को देखते हुए भोपाल में PM का रोड शो और शहडोल का कार्यक्रम नहीं होगा

देश मध्‍य प्रदेश

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 27 जून को भोपाल शहर में होने वाला रोड शो खराब मौसम की वजह से रद कर दिया गया है। मुख्‍यमंत्री श‍िवराज सिंह चौहान ने मीडिया को बताया कि कल 27 जून को भारी बारिश की संभावना के कारण प्रधानमंत्री मोदी का शहडोल ज‍िले के लालपुर और पकरिया का कार्यक्रम भी स्थगित किया जा रहा है। जल्द ही मौसम की को देखते हुए दौरे की नई तिथि तय की जाएगी। उन्‍होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का भोपाल का शेष दौरा यथावत है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लालपुर में लाखों नागरिक कार्यक्रम में पहुंचने वाले थे। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आने पर उन्हें वर्षा के कारण होने वाली संभावित परेशानी को देखते हुए प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम स्थगित हुआ है। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्रीजी चाहते हैं कि भारी वर्षा के कारण नागरिकों को परेशानी ना हो ,शीघ्र ही उनके आगमन की नई तिथि तय होगी। लालपुर में कार्यक्रम की व्यवस्थाएं भी बनी रहेंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्रीजी ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए इस कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है। भोपाल के 27 जून के सभी कार्यक्रम यथावत रहेंगे। इससे पहले भोपाल में पीएम मोदी का रोड शो नहीं होने की भाजपा ने पुष्टि की । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भोपाल प्रवास के दौरान 27 जून को विकास की नई गाथा लिखेंगे। वे मध्य प्रदेश को दो नई वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात देंगे। जिसमें इंदौर से भोपाल और भोपाल से जबलपुर ट्रेनें शामिल हैं। इसमें मध्य प्रदेश के मन में हैं मोदी का भाव दिखेगा। यह जानकारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को दी।

पीएम मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान के अंतर्गत मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में मोदी के नौ साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। राजमाता विजयाराजे सिंधिया प्रदर्शनी में भाजपा के बूथ सशक्तिकरण अभियान की झलक भी दिखेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 8.35 बजे दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना होंगे
  • 9.50 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे
  • 10.15 बजे भोपाल एयरपोर्ट से बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के लिए रवाना होंगे
  • 10.30 बजे बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन के लिए रवाना होंगे
  • 11.00 बजे तक रानी कमलापति स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे
  • 11.05 बजे सड़क मार्ग से लाल परेड मैदान के लिए पीएम मोदी रवाना होंगे
  • 11.15 से 12.15 तक मेरा बूथ सबसे मजबूत बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करेंगे
  • 12.30 बजे भोपाल की लाल परेड मैदान से हवाई मार्ग से भोपाल एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे

10 लाख बूथ कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद
अमेरिका यात्रा के बाद प्रधानमंत्री का देश में यह पहला दौरा है। वे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में देशभर के 34 राज्यों के बूथों के तीन हजार चयनित कार्यकर्ताओं सहित देश के 10 लाख कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद करेंगे। इन्होंने बूथ सशक्तीकरण अभियान में योगदान दिया है। कार्यक्रम का मध्य प्रदेश के 1082 मंडल, 64,100 बूथों के साथ देशभर के सभी मंडलों व बूथों पर सीधा प्रसारण होगा।
क्रूरता के काले इतिहास में मुगलों, अंग्रेजों के साथ लिखा जाएगा कांग्रेस का नाम
शर्मा ने कहा कि आज के दिन आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की गई थी। देश में क्रूरता का काला इतिहास जब भी लिखा जाएगा, उसमें मुगलों, अंग्रेजों के साथ कांग्रेस का भी नाम होगा। सत्ता बचाने के लिए इंदिरा गांधी ने लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया और लोकतंत्र सेनानियों को जेल में ठूंसकर कठोर यातनाएं दीं, कई लोगों को जान गवानी पड़ी थी। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की दुहाई देकर विदेश में भारत को बदनाम करने वाले राहुल गांधी बताएं कि आपके पुरखों ने देश को आपातकाल की आग में क्यों झोंका? इसमें संजय गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ प्रमुख किरदारों में से थे। 1984 के दंगे भी कमल नाथ की भूमिका की याद दिलाते हैं।
भाजपा जोड़ती है : चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ ने प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव के प्रश्न पर कहा कि भाजपा हटाने का नहीं जोड़ने का काम करती है। देशभर में भाजपा ने लोगों को जोड़ा है और मध्य प्रदेश में भी भाजपा संगठन बेहतर कार्य कर रहा है। आपातकाल के खिलाफ जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में देश में आंदोलन चला, लोहिया, जयप्रकाश नारायण के तथाकथित शिष्य ने भी कांग्रेस को समाप्त करने की शपथ ली, दुर्भाग्य से वे गांधी-नेहरू परिवार के चरणों में लेट रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *