MP : जेपी नड्डा खरगोन पहुंचे, कहा- कांग्रेस अब राष्ट्रीय पार्टी नहीं, मां, बेटे और बेटी को छोड़ सब कांट्रेक्ट पर

प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश राष्ट्रीय

खरगोन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को मध्य प्रदेश के खरगोन पहुंचे। यहां उन्होंने नवग्रह मेला मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ रोड शो भी किया। जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस अब राष्ट्रीय पार्टी नहीं है। मां सोनिया, बेटा राहुल और बेटी प्रियंका के अलावा अन्य सभी कांट्रेक्ट पर हैं। कांट्रेक्ट लो पसंद आए तो करो नहीं तो जाओ।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ पर आरोप लगाते हुए नड्डा ने कहा कि एक लाख 28 हजार घर जो मप्र के गरीबों को मिलने वाले थे, कमल नाथ ने होने नहीं दिया। कमल नाथ ने आपका हिस्सा मारा, आपका हक मारा, कमल नाथ अपराधी हैं। उन्होंने भीड़ से पूछा कि ऐसे लोगों को आप सत्ता में आने दोगे क्या? नड्डा ने कहा कि नौ साल पहले भारत का नाम भ्रष्टाचारी देशों में आता था। टूजी घोटाला, कोयला घोटाला, हेलीकाप्टर घोटाला, कामनवेल्थ गेम्स में घोटाला। कांग्रेस ने तीनों लोक में घोटाले किए, लेकिन अब नौ सालों के बाद हम ब्रिटेन को पछाड़कर पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गए हैं।

कारगिल का चैप्टर ही कमल नाथ ने निकाल दिया

उन्होंने कहा कि कारगिल का चैप्टर पाठ्यक्रम से कमल नाथ की तत्कालीन सरकार ने निकाल दिया। यह हमारी सेना का अपमान है और अब नवंबर में आपको कमल नाथ का ही चैप्टर गायब कर देना है। वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने खरगोन में मेडिकल कालेज खोले जाने की घोषणा की। नवग्रह कारिडोर बनाने का एलान किया। सीएम ने सिरवेल महादेव मंदिर का कायाकल्प करने की बात भी कही।

विजयलक्ष्मी साधौ की बहन आईं भाजपा में

महेश्वर से कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधौ की बहन प्रमिला साधौ ने शुक्रवार को हुई सभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा, सीएम चौहान की मौजदूगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। अंदाजा यह लगाया जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा की ओर से टिकट मिला तो वह अपनी बहन विजयलक्ष्मी साधौ को कड़ी टक्कर दे सकती हैं। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भाजपा पदाधिकारियों से एयरपोर्ट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगवानी की। सड़क के दोनों ओर कार्यकर्ताओं के साथ ही प्रशंसक मौजूद थे। कारवां के आगे कार्यकर्ता ढोल-ढमाके, ढोलक बजाते, नाचते हुए आगे चल रहे थे। खुली वैन में जेपी नड्डा के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *