लॉस एंजिल्स| बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान अपनी अपकमिंग फिल्म की शूटिंग के लिए अमेरिका के लॉस एंजिल्स गए हुए थे। वहीं पर शूटिंग के दौरान हादसा हो गया, जिसमें शाहरुख खान घायल हो गए। उन्हें नाक और चेहरे पर गहरी चोटें आईं। हादसे के बाद खून रोकने के लिए शाहरुख की अमेरिका में ही एक माइनर सर्जरी हुई थी। हालत में थोड़ा सुधार होने पर के उन्हें मुंबई लाया गया। शाहरूख मुंबई में स्थित अपने आवास मन्नत वापस लौट आए हैं। फिलहाल, सर्जरी करने वाली डॉक्टरों की टीम ने जानकारी दी है कि उनकी तबीयत अभी पहले से बेहतर है। घबराने वाली कोई बात नहीं है। अपने फिल्मी करियर में शाहरुख खान कई बार शूटिंग के दौरान चोटिल हुए हैं।
2017 में रईस की शूटिंग के दौरान उनके घुटने और चेहरे में चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें माइनर सर्जरी करवानी पड़ी थी। 2013 में फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस की शूटिंग खत्म हो जाने के बाद उन्होंने 8 सर्जरी करवाई थीं। 2009 में भी चोट लगने पर उनके बाएं कंधे की सर्जरी हुई थी। इस साल की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म पठान देने के बाद शाहरुख खान की तीन बड़ी फिल्में 2023 में ही रिलीज होंगीं। इनमें जवान, डंकी शामिल हैं। वहीं सलमान खान की टाइगर 3 में भी शाहरुख खान का कैमियो होने वाला है। फिल्म जवान की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जिसका पोस्ट प्रोडक्शन जारी है। ये फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु भाषा में 7 सितंबर को वर्ल्डवाइड रिलीज होने वाली है।