CG में PM मोदी ने कहा- बघेल सरकार भ्रष्टाचार की मॉडल, CM से लेकर अधिकारी तक घोटाले में फंसे

छत्तीसगढ़ देश रायपुर राष्ट्रीय

रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को छत्‍तीसगढ़ में कांग्रेस पर खूब बरसे। मंच पर मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थित में उन्‍होंने बघेल सरकार पर हमला करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार की मॉडल बन गई है। यहां के मुख्‍यमंत्री से लेकर मंत्री और अधिकारी तक बड़े-बड़े घोटालों में फंसे हुए हैं। चुनाव से पहले ये 36 वादे करते हैं। इसे पूरा करने के लिए गंगा जी की झूठी कसम भी खाते हैं। बाद में हजारों करोड़ का शराब घोटाला करते हैं। कांग्रेस का पंजा छत्तीसगढ़ को बर्बाद कर देगा।

पीएम मोदी शुक्रवार को प्रदेश की राजधानी रायपुर पहुंचे। यहां साइंस कॉलेज ग्राउंड से सात हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री के साथ मंच पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनसुख मांडविया भी मौजूद थे। साइंस कॉलेज ग्राउंड में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने खुद की आलोचना करने वालों को जवाब देते हुए कहा कि ये लोग मेरे पीछे हैं। मेरी कब्र खोदने की धमकी देंगे। मेरे खिलाफ साजिशें रचेंगे। लेकिन उन्हें पता नहीं है, जो डर जाए वह मोदी नहीं हो सकता है। देश के हर भ्रष्टाचारी को एक बात कान खोलकर सुन लेनी चाहिए। वो अगर भ्रष्टाचार की गारंटी है, तो मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है।

पीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम की तरह है। छत्तीसगढ़ से 36 वादे जो कांग्रेस ने किए थे, उसमें एक ये था कि राज्य में शराब बंदी की जाएगी। पांच वर्ष बीत गए, लेकिन सच ये है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया है और इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है। पीएम मोदी ने कहा कि कोल माफिया, सैंड माफिया और लैंड माफिया, न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल-फूल रहे हैं। यहां सूबे के मुखिया से लेकर तमाम मंत्रियों और अधिकारियों तक पर घोटाले के गंभीर से गंभीर आरोप लगते रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ सरकार, कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *