कूनो में 4 महीने में 8वें चीते की गई जान, हफ्ते में दूसरी मौत

देश प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश राष्ट्रीय

श्योपुर| मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में एक और चीते की मौत हो गई। अफ्रीका से लाया गया मेल चीता सूरज का शव शुक्रवार सुबह मिला। कूनो में पिछले चार महीने में 8 चीतों की मौत हो चुकी है, जबकि इसी हफ्ते में मरने वाला ये दूसरा चीता है। अधिकारियों ने बताया कि वे चीता सूरज की मौत के सही कारण का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को एक नर चीता तेजस की मौत हुई थी। बताया गया कि मादा चीता के साथ हिंसक लड़ाई में वह जख्मी हो गया था। जिससे उसकी जान गई थी।

तेजस और सूरज में हुई थी हिंसक झड़प

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हाल ही में तेजस और सूरज चीते के बीच हिंसक झड़प हुई थी। जिसमें तेजस की गर्दन पर गहरा घाव हो गया था। इसके बाद मंगलवार को उसकी मौत हो गई। वहीं इस संघर्ष में सूरज भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसका शुक्रवार को शव मिला। इसके अलावा अग्नि नाम का चीता भी घायल है, उसके पैर में फैक्चर है।

राजनीतिक प्रदर्शन के लिए वन्य प्राणियों को शोभा की वस्तु बनाना ठीक नहीं: कमलनाथ

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि कूनो में लगातार चीतों की मौत होने के बावजूद अब तक ऐसी कोई योजना सामने नहीं आई है। जिसमें इन वन्य प्राणियों के जीवन को संरक्षित करने की कोई पहल की गई हो। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रदर्शन-प्रियता के लिए वन्य प्राणियों को शोभा की वस्तु नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही ऐसा कोई प्लान बने, जिसमें प्राणियों के जीवन की रक्षा हो सके।

वन मंत्री बोले, जंगली जानवरों में यह आम बात

कूनो में चीते की मौत पर मध्यप्रदेश के वन मंत्री विजय शाह ने कहा कि शव का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। उसके बाद ही कुछ कह पाऊंगा। उन्होंने कहा कि यह जंगली जानवरों में आम बात है। ये मौतें भोजन या संभोग को लेकर लड़ाई के कारण हुईं। भारत सरकार की एक टीम आई है और हम अफ्रीका की टीम से भी संपर्क कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *