EMC का संयोजक बनते ही तोमर एक्शन मोड में; बोले- पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे, पदाधिकारियों के साथ की बैठक

प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

भोपाल: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अपनी सत्‍ता बचाने के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक बनाया गया है। संयोजक बनाए जाने के बाद तोमर ने मिशन-2023 पर काम शुरू कर दिया है। तोमर भोपाल स्थिति प्रदेश बीजेपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शामिल हुए।

मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उसका पूरी तरह से निर्वहन करुंगा। नवंबर में मध्य प्रदेश में चुनाव संभावित हैं। ऐसे में राज्य और जिले के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मेरी कोशिश रहेगी कि प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बने। मध्य प्रदेश में बीजेपी की राजनीति में नरेंद्र सिंह तोमर बड़ा नाम है। वे मोदी कैबिनेट में कृषि मंत्री हैं। प्रदेश में वे मंत्री, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष का पद संभाल चुके हैं। किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी थी। विधानसभा से लेकर लोकसभा चुनाव तक में तोमर पर पार्टी ने हमेशा भरोसा जताया है। एक बार फिर उन्हें मध्य प्रदेश की कमान सौंपी है। वे चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे तोमर समर्थकों में भी उत्साह है। इधर, केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, सह चुनाव प्रभारी अश्विनी वैष्णव भी तीन दिन के दौरे पर भोपाल आए हैं। यादव और वैष्णव अगले 3 दिन तक भोपाल में रहकर चुनावी मैनेजमेंट को लेकर मंथन करेंगे। वहीं, बूथ लेवल से लेकर प्रदेश पदाधिकारियों तक के साथ बैठकर चुनावी रणनीति बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *