अलास्का में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 7.4 तीव्रता

अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका

जूनो, अलास्का| अमेरिकी राज्य अलास्का में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.4 रही। अमेरिका के सुनामी वॉर्निंग सिस्टम ने भी अलर्ट जारी किया था। हालांकि, बाद में इसे रद्द कर दिया गया। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन से 9.3 किमी की गहराई पर था। अलास्का में भूकंप का एक वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें अलास्का के एक घर में भूकंप का असर देखा जा सकता है। वीडियो में तेज झटकों के बीच एक पिता अपने बच्चों को लेकर भागता हुआ नजर आ रहा है। वो पहले अपने एक बच्चे को गोद में लेकर भागता है। इस दौरान हड़बड़ी में उसके हाथ से दूसरी बेटी का हाथ छूट जाता है। इसके बाद वो तुरंत वापस आकर उसे भी लेकर जल्दी से कमरे से बाहर चला जाता है।

अलास्का में पहले भी आए तेज भूकंप, 1964 में 250 लोग मारे गए थे
2 साल पहले 2021 में भी अलास्का में 8.2 तीव्रता का भूकंप आया था। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने तब भी सुनामी की चेतावनी जारी की थी। हालांकि, इससे कोई नुकसान नहीं हुआ था। 2020 में भी अलास्का के दक्षिणी तट पर 7.5 तीव्रता के भूकंप के कारण सुनामी लहरें आईं थी, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ था। इससे पहले मार्च 1964 में अलास्का में तेज भूकंप आया था। इसकी तीव्रता 9.2 थी। ये उत्तरी अमेरिका में अब तक का सबसे विनाशकारी अर्थक्वेक था। इसकी चपेट में आकर एंकरेज इलाका तबाह हो गया। साथ ही सुनामी ने अलास्का की खाड़ी, अमेरिका के पश्चिमी तट और हवाई को भारी नुकसान पहुंचाया। भूकंप और सुनामी से 250 से ज्यादा लोग मारे गए थे।

रिंग ऑफ फायर में आता है अमेरिका
रिंग ऑफ फायर ऐसा इलाका है जहां कई कॉन्टिनेंटल के साथ ही ओशियनिक टेक्टॉनिक प्लेट्स भी हैं। ये प्लेट्स आपस में टकराती हैं तो भूकंप आता है, सुनामी उठती है और ज्वालामुखी फटते हैं। इस रिंग ऑफ फायर का असर न्यूजीलैंड से लेकर जापान, अलास्का और उत्तर व साउथ अमेरिका तक देखा जा सकता है। दुनिया के 90% भूकंप और 78% सुनामी इसी रिंग ऑफ फायर क्षेत्र में आती हैं। यह क्षेत्र 40 हजार किलोमीटर में फैला है। दुनिया में जितने सक्रिय ज्वालामुखी हैं, उनमें से 75% इसी क्षेत्र में हैं। रिंग ऑफ फायर का असर 15 देशों- जापान, रूस, फिलिपींस, इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड, अंटार्कटिका, कनाडा, अमेरिका, मैक्सिको, ग्वाटेमाला, कोस्टा रिका, पेरू, इक्वाडोर, चिली और बोलिविया में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *