हिमाचल में बादल के फटने से 1 व्यक्ति की मौत, गाड़ियां पानी में बहीं, गंगा का जलस्तर बढ़ा, वाराणसी के घाट डूबे

देश राष्ट्रीय हिमाचल प्रदेश

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से एक व्‍यक्ति की मौत हो गई जबकि 5-6 लोग घायल हो गए। आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां पानी में बह गईं। कुल्लू के कायस गांव में सोमवार सुबह बादल फटा। दिल्ली में चार दिन तक यमुना का वाटर लेवल घटने के बाद सोमवार को फिर से बढ़ गया। सुबह 11 बजे तक जलस्तर 205.76 मीटर था जबकि रविवार रात 205.52 मीटर था। उत्तराखंड और यूपी के कई जिलों में अब गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। रविवार की आधी रात को कुल्लू के ही खराहल में बादल फटने से नाले में बाढ़ आ गई। इस बाढ़ से नेउली स्कूल और कई घरों में पानी भर गया। एक गाड़ी भी चपेट में आई है। वहीं, उत्‍तराखंड और यूपी में गंगा का जलस्‍तर बढ़ने लगा है।

हरिद्वार में गंगा का जलस्तर 293.15 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जबकि खतरे का निशान 294 मीटर है। नदी से सटे हुए इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। देवप्रयाग में गंगा नदी 20 मीटर और ऋषिकेश पहुंचते-पहुंचते 10 सेमी बढ़ गई। वाराणसी और प्रयागराज में घाट डूबने लगे हैं। कुछ छोटे मंदिरों में पहले ही पानी भर चुका है। सोमवार को बिहार के 19 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट है। अगले 2 दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अगले दो-तीन दिन तक तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। प्रदेश के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। इनमें सिंगरौली, सतना, डिंडोरी, कटनी, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना और छतरपुर शामिल हैं। यहां 24 घंटे में 8 इंच से ज्यादा बारिश हो सकती है| हरियाणा में सोमवार से मानसून फिर एक्टिव हो गया है। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने राज्य के सभी 22 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर हरियाणा के चार जिले पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *