पूर्व CM कमलनाथ बोले- मैं महाराज, मामा नहीं, साधारण परिवार का बेटा हूं, गोविंद सिंह ने कहा- सिंधिया घराने ने गद्दारी का इतिहास दोहराया

ग्वालियर मध्‍य प्रदेश

ग्‍वालियर : मध्‍य प्रदेश के ग्‍वालियर में शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जन आक्रोश महारैली को संबोधित किया। प्रियंका के संबोधन से पहले पीसीसी चीफ और पूर्व मुख्‍यमंत्री कमलनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं महाराजा नहीं हूं। मैं मामा नहीं हूं। मैं साधारण परिवार का बेटा हूं। उन्‍होंने कहा कि शिवराज झूठ और घोटाले की मशीन है। घोषणाओं की मशीन है। चुनाव में 4 महीने बचे हैं। ये मशीन दोगुनी गति से चल रही है। जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि ग्वालियर चंबल के लोग अन्याय नहीं सहते। अन्याय पर पलटवार करते हैं। आज प्रदेश का हर वर्ग आक्रोशित है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार ने मप्र की राजधानी को झूठ की राजधानी बनाया है। किसानों, माताओं-बहनों, नर्मदा और आदिवासियों को झूठ बोला। दलितों को झूठ बोला। गोमाता को भी झूठ बोला। उन्‍होंने कहा कि आज चुनाव 4 महीने दूर हैं। शिवराज को बहनें, नौजवान और किसान याद आ रहे हैं। शिवराज जी आपने 18 साल में बेरोजगारी दी। कोरोना की मौतें दी। महाकाल का घोटाला दिया। मप्र में 2500 घोटाले हुए। शिवराज ने घर-घर में शराब भी दी। ये उनकी उपलब्धि है। हमें मप्र और नौजवानों का भविष्य सुरक्षित रखना है। कमलनाथ ने कहा कि शिवराज ने 18 साल में झूठ का पहाड़ खड़ा कर दिया। वे भटकते नौजवानों को देख नहीं सकते। उनके आंख, कान नहीं चलते। मुंह चलता है। प्रदेश और मुंह चलाने में बहुत अंतर है। हमारी सरकार बनी। हमें बेरोजगारी और महिलाओं पर अत्याचार वाला प्रदेश सौंपा था। हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली दी। गोशालाएं बनाईं तो कौन सा पाप किया।

गोविंद सिंह ने सिंधिया घराने पर साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर जाने पर कहा कि इस घराने में गद्दारी का इतिहास दोहराया जा रहा है। इस घराने ने रानी लक्ष्मीबाई का साथ दिया होता तो आजादी पहले ही मिल जाती। 166 साल बाद फिर गद्दारी का इतिहास दोहराया और प्रदेश की कांग्रेस सरकार गिरा दी।

लोकसभा सांसद नकुलनाथ ने कहा कि आज मप्र भाजपा के लिए भ्रष्टाचार, अत्याचार और घोटाले का गढ़ बन चुका है। मप्र भाजपा के लिए भ्रष्टाचार और घोटाले के लिए हेडक्वार्टर बन चुका है। व्यापमं घोटाले के आग बुझी नहीं व्यापमं टू शुरू हो गया। अब पटवारी भर्ती घोटाला हो गया। भाजपा ने हमारी युवा पीढ़ी के साथ खिलवाड़ किया है।

मप्र भ्रष्टाचार में नंबर वन है। महिला, आदिवासियों पर अत्याचार में नंबर वन पर आता है। आदिवासियों को अपमानित किया जाता है। कमरे में बंद करके पीटा जाता है। कहीं भाजपा कार्यकर्ता द्वारा पेशाब करके अपमान किया जाता है। नकुल ने प्रियंका से कहा कि आप मप्र को गोद ले लीजिए। मप्र में कोई ताकत कांग्रेस की सरकार बनने से नहीं रोक सकती। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि जो आज मैं दृश्य देख रहा हूं वो मैंने 1980 और फिर 1984 में देखा था। इससे समझ में आ रहा है कि हमारी 20 साल की तपस्या खत्म होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *