मणिपुर के बाद अब मिजोरम में दहशत, 40 लोग इंफाल लौटे, आईजोल में 24 जुलाई को कुकी समुदाय की बड़ी रैली

देश मणिपुर राष्ट्रीय

इंफाल: मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मणिपुर के साथ-साथ पड़ोसी राज्य मिजोरम में भी हालात बिगड़ने की आंशका जताई जा रही है। यहां रहने वाले मैतेई समुदाय के सैकड़ों लोगों ने पलायन शुरू कर दिया है। ये लोग असम और मणिपुर लौट रहे हैं। सरकार ने भी इनके लिए विशेष फ्लाइट सर्विस शुरू की है।

अंडरग्राउंड मिजो नेशनल फ्रंट के मिलिटेंट्स के संगठन पीस अकॉर्ड एमएनएफ रिटर्नीज एसोसिएशन (पीएएमआरए) ने बयान जारी कर कहा है कि मिजोरम में रहने वाले मैतेई लोगों को उनकी सुरक्षा के मद्देनजर राज्य छोड़ देना चाहिए। इस वक्त मीजो समुदाय की भावनाएं आहत हैं। डर के कारण 40 मैतेई समुदाय के लोग मिजोरम राज्य छोड़कर मणिपुर की राजधानी इंफाल आ गए हैं। हजारों लोग पलायन को मजबूर हैं। मणिपुर सरकार ने भी कह दिया है कि वो अपने मैतेई लोगों को चार्टर्ड फ्लाइट से इवेक्युएट कराएगी।

उधर, मणिपुर के हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। यहां चुराचांदपुर और इंफाल के पास मैतेई और कुकी समुदाय के बीच शनिवार को रातभर फायरिंग हुई। इस दौरान ऑटोमैटिक रायफल्स, पॉम्पी गन्स और अन्य विस्फोटकों से हमला किया गया। बिष्णुपुर में भीड़ ने एक स्कूल और कई घरों में आग लगा दी। मौके पर सुरक्षाबलों के जवान तैनात हैं। इसके अलावा थोरबुंग, कांगवाय के अंदरूनी इलाकों में भी फायरिंग हो रही है।

मिजोरम राज्य में रहने वाली मिजो जनजाति का कूकी-जोमी समुदाय से ऐतिहासिक तौर पर एक भावनात्मक लगाव रहा है। मणिपुर में जिस तरह से हालात बदल रहे हैं उसकी वजह से दूसरे राज्यों में रहने वाले मैतेई समुदाय की मुश्किलें बढ़ रही हैं। मणिपुर में रहने वाले अब तक 12 हजार से ज्यादा कुकी समुदाय के लोगों को मिजोरम राज्य में शरण मिली है।

मणिपुर के पड़ोसी राज्य मिजोरम में रहने वाले मैतेई समुदाय के लोग घबराए हुए हैं। आंकड़ों को देखें तो यहां करीब 10 हजार से अधिक मैतेई समुदाय के लोग हैं। मिजोरम में रहने वाले कुकी समुदाय के लोगों ने 24 जुलाई को आईजोल में बड़ी रैली करने का एलान किया है। ऐसे में यहां रहने वाले मैतेई समुदाय के लोगों को डर है कि इस रैली के बाद कहीं उन्हें भी निशाना न बनाया जाए। यही कारण है कि दहशत के चलते इन लोगों ने पलायन शुरू कर दिया है। वे मणिपुर और असम वापस लौट रहे हैं।

हालांकि मिजोरम सरकार ने मैतेई की सुरक्षा के लिए राजधानी आइजोल में चार बटालियन कैंप बनाए हैं। मणिपुर-मिजोरम सीमा पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। मणिपुर सरकार ने कहा है कि मिजोरम में मैतेई समुदाय के लोग डरे हुए हैं। हम उन्हें एयरलिफ्ट करेंगे। 40 लोग मिजोरम से मणिपुर आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *