प्रियंका ने शिवराज सरकार को 50% कमीशन वाली सरकार बताया, भाजपा FIR कराने के लिए क्राइम ब्रांच पहुंची

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| मध्य प्रदेश सरकार को 50 फीसदी कमीशन वाली सरकार बताने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर भाजपा नाराज हो गई है। भाजपा ने भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच में आवेदन देकर प्रियंका गांधी के खिलाफ एफआईआर की मांग की है। क्राइम ब्रांच में आवेदन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने दिया। भाजपा प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी भी मौजूद रहे। विश्वास सारंग ने कहा कि प्रदेश में चुनाव आते ही भाजपा को बदनाम करने के लिए कांग्रेस रोज झूठ का सहारा ले रही है। इससे पहले प्रियंका के ट्वीट पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कानूनी कार्रवाई की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने अपने केंद्रीय नेतृत्व से भी झूठ बुलवा दिया।

बता दें कि ठेकेदार संघ ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर 50 फीसदी कमीशन मांगे जाने की शिकायत की है। कांग्रेस नेताओं के साथ प्रियंका गांधी ने उक्‍त पत्र का सहारा लेकर ट्वीट कर शिवराज सरकार को घेरा है। उन्होंने लिखा कि मध्य प्रदेश की जनता 50 फीसदी कमीशन वाली भाजपा सरकार को हटाएगी। भाजप प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भोपाल में शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि कल कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में बड़ा झूठ बोला। एक फर्जी पत्र जारी कर एक तथाकथित किसी ठेकेदार और कोई एसोसिएशन के नाम से झूठा पत्र जारी किया।

उन्होंने कहा कि मैं हमेशा से कहते आया हूं कि मध्य प्रदेश के अंदर मिस्टर बंटाधार दिग्विजय सिंह और मिस्टर करप्टनाथ कमलनाथ झूठ बोलने की मशीन हैं। केंद्रीय नेतृत्व में चाहे प्रियंका गांधी हों, राहुल गांधी हों, इनसे झूठे पत्र के आधार पर ट्वीट कराया। यह कांग्रेस का वास्तविक चरित्र है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इस साइबर क्राइम के खिलाफ भाजपा कड़ा एक्शन लेगी। प्रियंका गांधी को जवाब देना पड़ेगा कि यह पत्र कहां से आया। झूठे पत्र के आधार पर आपने देश को गुमराह किया है। पहले आपके भाई से झूठ बुलवाकर दिग्विजय-कमलनाथ ने झूठा साबित कर दिया। अब आपको भी आज उन्होंने झूठा साबित कर दिया। हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *