खड़गे को जी20 रात्रि भोजन में नहीं बुलाने पर तमिलनाडु के कांग्रेस नेता बोले- मोदी है तो मनु है

देश नई दिल्ली राष्ट्रीय

नई दिल्ली| मल्लिकार्जुन खड़गे राज्यसभा में विपक्ष के नेता है। उन्हें जी20 के डिनर में इनवाइट ना किए जाने को लेकर राहुल गांधी ने ब्रसेल्स से निशाना साधा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को 9 सितंबर को होने वाले जी20 नेताओं के डिनर में नहीं बुलाया गया है। ये डिनर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देंगी। इस पर तमिलनाडु के कांग्रेस नेता मोहन कुमारमंगलम ने कहा कि मोदी हैं तो मनु हैं। खड़गे को इसलिए नहीं बुलाया, क्योंकि वे दलित हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि असहमति का सम्मान किया जाना चाहिए।

मनु की विरासत को आगे बढ़ा रहे मोदी- कुमारमंगलम
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मोहन कुमारमंगलम ने ये भी कहा, ‘पीएम नरेंद्र मोदी महर्षि मनु की विरासत थामे हुए हैं। ऐसे कई इवेंट्स हुए, जहां निचली जाति के नेताओं को नहीं बुलाया। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को अयोध्या के राम मंदिर के भूमिपूजन में आमंत्रित नहीं किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को नई संसद के उद्घाटन में नहीं बुलाया गया।’

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बोले- ये दुर्भाग्यपूर्ण
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को डिनर में ना बुलाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विपक्ष की असहमति का सम्मान किया जाना चाहिए।

ब्रसेल्स में राहुल बोले- इससे मोदी सरकार की सोच पता चलती है
राहुल गांधी यूरोप दौरे पर हैं। 8 सितंबर को उन्होंने ब्रसेल्स (बेल्जियम) में कहा- जी20 की अध्यक्षता मिलना देश के लिए अच्छी बात है। सरकार ने जी20 के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे को न्योता नहीं दिया। इससे साबित होता है कि वो देश की 60% जनता का नेतृत्व करने वालों को महत्व नहीं देते हैं। यह सरकार की सोच को भी दर्शाता है।

नई दिल्ली में 9 से 10 सितंबर को होने वाली जी20 समिट की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जी20 मेंबर्स के मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जियो मेलोनी के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ नई दिल्ली पहुंचे हैं।

दिल्ली में होने वाली जी20 समिट में सिर्फ एक दिन बाकी है। आज यानी 8 सितंबर को जी20 ग्रुप के ज्यादातर बड़े लीडर दिल्ली पहुंच जाएंगे। केंद्रीय मंत्रियों को इनके स्वागत की जिम्मेदारी दी गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की अगवानी जनरल वीके सिंह करेंगे। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को लेने अश्विनी चौबे जाएंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद ऋषि सुनक पहली बार भारत आ रहे हैं। समिट के वेन्यू भारत मंडपम में वर्ल्ड लीडर्स को भारत का इतिहास, लोकतांत्रिक परंपरा के साथ डिजिटल ग्रोथ दिखाई जाएगी। इसके लिए भारत मंडपम के रिसेप्शन के पास एक प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें एयर इंडिया जैसी हाई एंड टेक्नोलॉजी इस्तेमाल की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *