शिशुपाल के पापों का घड़ा भर चुका, कृष्ण बन जाओ : प्रियंका गांधी

धार प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

धार। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार पर जमकर हमले बोले और कहा कि अब शिशुपाल का घड़ा भर चुका है, इसलिए कृष्ण बन जाओ और उसे अलग कर दो। मध्य प्रदेश के धार जिले के राजगढ़ में जन आक्रोश सभा में प्रियंका गांधी ने धार्मिक दृष्टांतों की खूब चर्चा की और महिलाओं से कहा कि वे रुक्मणी की तरह अपने लिए रास्ता खोजें। मतदाताओं से कहा कि कृष्ण के रूप में शिशुपाल को अलग कर दें, खत्म कर दें। शिशुपाल की गलतियों का घड़ा भर चुका है। भगवान कृष्ण ने शिशुपाल की 100 गलतियों को माफ कर दिया था और उसके बाद दंड दिया था।

प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर हमला किया और कहा कि बीते 18 साल में इस प्रदेश में भाजपा के शासनकाल में ढाई सौ से ज्यादा घोटाले हुए हैं। मगर, इन घोटालेबाजों के यहां कोई भी जांच एजेंसी नहीं भेजी गई। जबकि, इन जांच एजेंसियों को सबके घर भेज दिया जाता है। किसी ने उनके खिलाफ बोला और वहां ईडी पहुंच जाती है। फिल्म के अभिनेताओं के घर भी ईडी पहुंच जाती है। मगर, यहां के अधिकारियों और नेताओं के यहां ईडी नहीं पहुंची।

प्रियंका गांधी ने धार दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि मैं जब यहां आ रही थी तो नौजवानों से मैंने पूछा, क्या लगता है, इस बार के चुनाव में क्या होने वाला है, वह कहने लगे राजा जा रहा है और उनका वोट रोजगार देने वालों के लिए होगा।

प्रियंका गांधी ने राज्य में हुए घोटालों का जिक्र करते हुए कहा पोषाहार, मिडडे मील, एडमिशन, सर्व शिक्षा अभियान, स्कॉलरशिप, भर्ती परीक्षा, नौकरी, कारम डेम में भी घोटाला हुआ है। यहां व्यापम घोटाले में तो 50 से अधिक लोगों की मौत तक हुई है। सवाल है, क्या इन्होंने इसकी जांच कराई ?

प्रियंका गांधी ने यहां पहुंचने पर सबसे पहले मोहनखेड़ा तीर्थ के गुरु मंदिर में जाकर ट्रस्टियों से मुलाकात की और पूजा भी की।
आईएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *