BJP के शासन में छग में हिंसा का राज था- प्रियंका गांधी

छत्तीसगढ़ देश रायपुर राष्ट्रीय

कांकेर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने पांच साल पहले के छत्तीसगढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि जब भाजपा का राज था तो यहां हिंसा का राज था और लोग यहां आने तक से डरते थे। राज्य में कांग्रेस की फिर से सरकार बनने पर बिहार की तरह जातीय जनगणना कराई जाएगी। कांकेर में आयोजित नगरीय निकाय और पंचायती राज सम्मेलन में प्रियंका गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार के साथ ही छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की नीतियों को देश और समाज विरोधी बताया। साथ ही कहा कि निर्दोष आदिवासियों को जेल में डाल दिया जाता था और हर तरफ हिंसा, भय और उत्पीड़न का राज था। कांग्रेस की सरकार ने खूब परिश्रम करके पांच साल के अंदर आपको उस हिंसा के जाल से बाहर निकाला है।

प्रियंका ने कहा कि आदिवासियों का भूपेश बघेल की सरकार पर इसलिए भरोसा है क्योंकि उन्होंने आदिवासियों, पिछड़ों और दलितों के लिए काम किया है। कांग्रेस की सरकार आपकी मजबूती के लिए फैसला लेती है और इसीलिए छत्तीसगढ़ की चर्चा पूरे देश में है और हर किसी की नजर इस तरफ है क्योंकि यहां तेजी से विकास हो रहा है और आपका मान-सम्मान देश-दुनिया में बड़ा है। यहां हर क्षेत्र में विकास हो रहा है, किसान खुश हैं। दूसरे राज्यों का किसान परेशान है, दुखी है। प्रियंका गांधी ने राज्य के लोगों से वादा किया कि कांग्रेस की राज्य में फिर से सरकार बनने पर बिहार की तरह जातीय जनगणना कराई जाएगी। भाजपा जनता के हित की बात करने पर मौन हो जाती है। बिहार के आंकड़े बताते हैं कि 84 फीसदी आबादी पिछड़ा, जनजातीय व जनजाति वर्ग की है। सवाल है कि क्या बड़े पदों पर 84 प्रतिशत लोग हैं। भाजपा सिर्फ लोगों का ध्यान भटकाने पर अपना जोर लगाती है।

उन्होंने भाजपा की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां पंचायत के वित्तीय अधिकार कम किए जा रहे हैं। एक तरफ जहां कांग्रेस की सरकार है, हर वर्ग की मजबूती के लिए काम कर रही है तो दूसरी ओर भाजपा की सरकार ने इसके उलट किया है। देश के प्रधानमंत्री देश की सारी संपत्ति अपने मित्र अरबपति को दे दिए, लाखों-करोड़ों रुपए के उनके कर्ज माफ कर दिए, जब किसानों के कर्ज माफ करने की बात होती है तो कहते हैं कि पैसा नहीं है।

प्रियंका ने कहा कि यहां छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने कर्ज माफ करने का काम 24 घंटे में किया, इन्होंने क्या किया प्रधानमंत्री अपने लिए दो हवाई जहाज खरीदते हैं, 8000 करोड रुपए का एक हवाई जहाज, 20 हजार करोड़ की नई संसद बना दी। जबकि, एक अच्छा खासा संसद हमारे देश में था। 27 हजार करोड़ का यशोभूमि हॉल बनाते हैं और जब कर्मचारियों की बात होती है, पेंशन की बात होती है तो कहते हैं पैसा नहीं है, अपनी आनबान, शान बढ़ाने के लिए बड़ी-बड़ी इमारत को बनाने के लिए पैसा है अपने उद्योगपति दोस्तों का कर्ज माफ करने के लिए पैसा है, देश की संपत्ति को अपने उद्योगपति दोस्तों को सौंप सकते हैं मगर पेंशन नहीं दे सकते। वहीं छत्तीसगढ़ की सरकार पुरानी पेंशन दे रही है क्योंकि जब नियत सही होती है तो जनता के लिए अच्छा होता है वह सरकार करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *