गरीब और आदिवासियों की सबसे बड़ी दुश्मन है कांग्रेस- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को मंडला के महाराजपुर, घुघरी और मानिकसरा में भाजपा के समर्थन में 3 चुनावी सभाओं को संबोधित किया
प्रदेश को तबाह करने वाले शमशान घाट पर तंत्र साधना कर रहे
हम जनता को अपने काम बता रहे हैं, कांग्रेसी श्मशान घाट पर तांत्रिक क्रियाएं करा रहे हैं।
लोकतंत्र में साधना और उपासना जनता की होती है।
कांग्रेस ने जनता के हक का पैसा रोककर आइफा की तैयारी में लगाया
कांग्रेस ने कभी पेसा कानून लागू नहीं किया, पेसा भाजपा ने दिया
भाजपा हर परिवार में एक व्यक्ति को रोजगार देगी
कमल का फूल ही हमारा परमानेंट उम्मीदवार
सब सुखी रहें, मध्यप्रदेश और अपना देश तेजी से आगे बढ़े
शिवराज सिंह चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को मंडला में माता राजराजेश्वरी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश वासियों के सुख-समृध्दि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि, मैया से यही प्रार्थना की है कि मंडला, महाराजपुर और मध्यप्रदेश की जनता की जिंदगी में सुख-शांति और रिद्धि-सिद्धि आए। प्रदेश की जनता सुखी रहे, सब निरोग रहें, सबका मंगल व कल्याण हो, मध्यप्रदेश और अपना देश तेजी से आगे बढ़े। इस दौरान श्री चौहान ने मंडला जिले में अलग-अलग स्थानों पर 3 चुनावी सभाओं को संबोधित किया। जनता से मध्यप्रदेश में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने की अपील की।

कांग्रेस ने गरीब-आदिवासियों का शोषण किया
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, मैं सरकार नहीं परिवार चलाता हूं, ये मेरा बहुत बड़ा परिवार है, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा से ही गरीब और आदिवासियों के साथ अन्याय और शोषण किया है। अगर आदिवासियों के साथ किसी ने अन्याय किया और सबसे बड़ा दुश्मन कोई है तो वह कांग्रेस है। कभी सम्मान नहीं किया, समस्या का समाधान नहीं किया। कांग्रेस और कमलनाथ ने संबल योजना बंद कर दी। मैं बेटियों की शादी करवा रहा था वो भी बंद कर दी, तीर्थ दर्शन योजना भी बंद कर दी, मेधावी छात्र-छात्राओं के लैपटॉप बंद कर दिए। उन्होंने कहा कि, प्रियंका गांधी कह रही थी कि, शिवराज मामा आदिवासियों के पैरों में चप्पल-जूते पहनाता है, हां पहनाऊंगा क्योंकि गरीब के पैर में कांटा चुभता है तो मेरे सीने में चुभता है, इसलिए मैं चप्पल-जूते पहनाता हूं। श्री चौहान ने कहा कि, कांग्रेस ने कभी भी पैसा कानून लागू नहीं किया। पेसा भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लागू किया।

हम काम बता रहे हैं कांग्रेसी श्मशान में तंत्र क्रिया कराते हैं
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्मशान में तंत्र क्रिया मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, हम जनता को अपने काम बता रहे हैं और कुछ लोग श्मशान घाट पर तांत्रिक क्रियाएं करा रहे हैं। लोकतंत्र में साधना और उपासना अगर किसी की होती है तो जनता की होती है। लोकतंत्र, जनता के विश्वास को जीतने का माध्यम है। जनता की सेवा करो, प्रदेश का विकास करो, लोगों का कल्याण करो। हमने विकास और कल्याण किया है। इसलिए जनता से वोट मांगने जा रहे हैं। श्मशान घाट में पूजा करने वालों कैसे भला होगा देश का, प्रदेश का और प्रदेश की जनता का। पूजा करना है तो सात्विक पूजा करो, महाकाल महाराज के दरबार में। मुझे तकलीफ और आश्चर्य होता है कि तांत्रिक क्रियाएं करा रहे है। इसका मतलब आपको अपने ऊपर भरोसा ही नहीं है।

शिवराज ने पूछे कांग्रेस से सवाल
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि मैं आज पूछना चाहता हूँ कि कांग्रेस ने अपने सवा साल के कार्यकाल के दौरान गरीबों को पीएम आवास योजना के मकान क्यों नहीं दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए उन्होंने संबल योजना क्यों बंद कर दी थी। मेरी बैगा, भारिया, सहरिया बहनों के 1 हजार रुपए देना क्यों बंद किए। कांग्रेस ने जनता को बचाने के लिए कोविड की तैयारी क्यों नहीं की? उन्होंने कहा की क्या ये पैसा आईफा में लगा रहे थे। मध्यप्रदेश को तबाह और बर्बाद करने वाले अब श्मशान घाटों में जाकर बैठ रहे हैं। कांग्रेस को इन सवालां का जवाब देना होगा।

भाजपा मतलब विकास और गरीब कल्याण
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बीमारू कहे जाने वाला मध्यप्रदेश, भाजपा सरकार में विकसित होकर स्वर्णिम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। पिछले 20 सालों में भाजपा शासनकाल के दौरान मध्यप्रदेश सशक्त, समृद्ध और स्वावलंबी बना है. पिछले 20 वर्षों में जनता ने भाजपा पर भरोसा दिखाया है, जिसके परिणाम स्वरूप आज मध्यप्रदेश देश की टॉप 10 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। आज मध्यप्रदेश गरीब कल्याण, महिला उत्थान एवं सम्पूर्ण विकास का मॉडल बन गया है। भाजपा सरकार ने नागरिकों के लिए जनकल्याण की योजनाएं लाई, जिसके चलते आज मध्यप्रदेश में 1.36 करोड़ से भी ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

बहनों का लाड़ला कैसे बन गया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घुघरी विधानसभा के ग्राम बिछिया में महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि, लाड़ली बहना योजना के बाद बहनों की जिंदगी बदल गई है। मैं काम करता हूं तो कांग्रेस को तकलीफ होती है। कहते हैं दुबला-पतला मामा कहां से आ गया, बहनों का लाड़ला कैसे बन गया। कांग्रेस ने मेरा श्राद्ध तक करवा दिया, लेकिन बहनों का प्यार मुझे राख के ढेर से भी जिंदा कर देगा। कांग्रेस ने कभी भी बहनों के साथ न्याय नहीं किया है। उन्होंने कहा कि, लाड़ली बहनों की राशि बढ़ाकर 3000 रूपए की जाएगी। उन्होंने कहा कि, इस धरती पर जो संसाधन है उन संसाधनों पर जिनका हक है उन्हें उनका हक मिलेगा। ये धरती सबकी है, जल, जमीन, जंगल सबका है। कई लोग इसका उपयोग करते हैं और उपयोग करके धन कमाते हैं। ऐसे लोगों से टैक्स लूंगा और गरीबों में बाटूंगा।

शिवराजमय हुआ मंडला –
महिला सम्मेलन और चुनावी सभाओं के दौरान पूरा मंडला शिवराजमय नज़र आ रहा था। मंडला में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के स्वागत-सम्मान के लिए जनसैलाब उमड़ पडा। हर कोई शिवराज का स्वागत करने और झलक पाने के लिए आतुर दिखा। सभाओं में उपस्थित लाड़ली बहनें भी पलक पावड़े बिछाए भैया शिवराज का स्वागत करने के लिए उत्साह से भरी दिखीं। हर तरफ सिर्फ भैया और मामा की गूंज सुनाई दे रही थी।

कमल ही हमारा उम्मीदवार
मंडला में कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि, कमल का फूल ही हमारा परमानेंट उम्मीदवार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि, घर-घर और बूथ स्तर पर भाजपा की राज्य व केंद्र सरकार के कामों को लेकर जाना है और इस बार फिर से मध्यप्रदेश में कमल खिलाना है, भाजपा की सरकार बनाना है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ही मध्यप्रदेश को विकास की ओर अग्रसर कर सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *